भर्ती परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक पर छात्रों का फूटा गुस्सा, प्रयागराज में निकाला कैंडल मार्च
यूपी के प्रयागराज में शुक्रवार की देर शाम छात्रों का गुस्सा फूट गया। वह भर्ती परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे। गुस्साए छात्रों ने हाथों में कैंडल निकालकर मार्च निकाला।

Prayagraj News: भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली, पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी के विरोध में शुक्रवार को प्रतियोगी छात्र-छात्राओं का गुस्सा सड़कों पर दिखाई दिया। संयुक्त प्रतियोगी छात्र हुंकार मंच के तत्वावधान में आयोजित ‘हुंकार’ कार्यक्रम के तहत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों ने तिरंगा और मोमबत्तियों के साथ शांतिपूर्ण मार्च निकालकर सरकार और भर्ती एजेंसियों के खिलाफ आवाज बुलंद की। कैंडल मार्च कटरा स्थित मनमोहन पार्क चौराहे से शुरू होकर चंद्रशेखर आजाद पार्क पहुंचा। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। आजाद पार्क में सभा आयोजित कर अपनी मांगों को दोहराया गया।
प्रदर्शनकारियों ने लेखपाल भर्ती परीक्षा, उत्तर प्रदेश सब-इंस्पेक्टर (यूपीएसआई) भर्ती, एसएससी जीडी परीक्षा समेत विभिन्न केंद्रीय और राज्य स्तरीय परीक्षाओं में सामने आ रहीं कथित अनियमितताओं पर गंभीर सवाल उठाए। छात्रों का कहना था कि लगातार हो रहे पेपर लीक और भर्ती घोटालों ने लाखों युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है। अभ्यर्थियों का भरोसा परीक्षा प्रणाली से टूटता जा रहा है। संयुक्त प्रतियोगी छात्र हुंकार मंच के संयोजक पंकज पांडेय ने कहा कि सरकारी विभागों में बड़ी संख्या में पद रिक्त होने के बावजूद नियमित भर्तियां समय पर नहीं हो रही हैं। कई भर्ती प्रक्रियाएं वर्षों तक लंबित हैं, जिससे अभ्यर्थियों की आयु और अवसर दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
मांग की कि सभी भर्ती परीक्षाओं में धांधली, पेपर लीक प्रकरणों की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने यूपीएसआई भर्ती का स्कोर कार्ड जल्द जारी करने तथा आवश्यकता पड़ने पर लेखपाल और यूपीएसआई भर्ती परीक्षाएं दोबारा कराने की मांग भी उठाई। इस अवसर पर पंकज पांडेय ने 12 जून को ‘लखनऊ चलो’ आंदोलन का ऐलान किया। साथ ही 30 मई को मुख्यमंत्री और राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसे लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी अभियान चलाया जाएगा।
पेपर लीक से टूटा युवाओं का भरोसा
अशुतोष पांडेय ने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक और भर्ती घोटालों से प्रतियोगी युवाओं का परीक्षा प्रणाली पर भरोसा कमजोर हुआ है। परिणामों में देरी, कथित गड़बड़ियां और लंबी चयन प्रक्रिया के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई।
पुलिस ने रोका, आजाद पार्क में हुई सभा
कैंडल मार्च मनमोहन चौराहे से शुरू होकर सुभाष चौराहा होते हुए आजाद पार्क तक जाना था, लेकिन छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें हिंदू छात्रावास से आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद भी छात्र आजाद पार्क पहुंचे, जहां सभा आयोजित की गई। सभा में छात्र नेताओं ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, समयबद्ध चयन प्रक्रिया और रिक्त पदों पर जल्द नियुक्ति की मांग उठाई। आशुतोष ने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और युवाओं की आवाज सरकार तक पहुंचाने के लिए जारी रहेगा।




साइन इन