यूपी दरोगा भर्ती में पेपर लीक की अफवाह फैलाने वालों पर होगा तगड़ा ऐक्शन, जारी हुआ फरमान
यूपी दरोगा भर्ती में सोशल मीडिया पर पेपर लीक संबंधित अगर किसी ने अफवाह फैलाने की कोशिश की तो उसके खिलाफ तगड़ी कार्रवाई की जाएगी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं।

UP Police daroga Recruitment: यूपी पुलिस दरोगा भर्ती को लेकर पीपर लीक की अफवाह फैलानों वालों पर इस बार कड़ी नजर रहेगी। सोशल मीडिया पर पेपर लीक संबंधित अगर किसी ने अफवाह फैलाने की कोशिश की तो उसके खिलाफ तगड़ी कार्रवाई की जाएगी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। सोशल मीडिया एक्स पर दी जानकारी में बताया गया है कि दरोगा के पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के संबंध में अगर किसी भी व्यक्ति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रश्न पत्र उपलब्ध कराए जाने संबंधित भ्रामक सूचना फैलाकर धन उगाही और ठगी करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ लखनऊ के थाने में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। साथ ही पुलिस भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों से भी ऐसे लोगों से सावधान रहने की अपील की है।
परीक्षार्थियों के लिए कल से 13 मार्च से चलेंगी बसें
दरोगा भर्ती की लिखित परीक्षा में हिस्सा लेने वाले परीक्षार्थियों के लिए राहत की खबर हैं। रोडवेज प्रशासन परीक्षार्थियों के खातिर 13 से 16 मार्च तक अतिरिक्त बसें चलाने जा रहा हैं। अतिरिक्त बसें उन शहरों के बीच चलाई जाएंगी, जहां से परीक्षार्थियों का सेंटर लखनऊ में हैं। उन शहरों में कानपुर शहर और देहात, सुलतानपुर, अम्बेडकरनगर, रायबरेली, प्रतापगढ़, ऊंचाहार, फतेहपुर, अयोध्या, गोरखपुर शामिल हैं। क्षेत्रीय प्रबंधक अमरनाथ सहाय ने बताया कि हर रूटों पर बसों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। आलमबाग और कैसरबाग बस अड्डे पर हेल्पडेस्क होगी। वहीं रेलवे प्रशासन ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए सर्कुलेटिंग एरिया में हेल्प डेस्क, होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे। अतिरिक्त टिकट काउंटर लगाए जाएंगे।
मुफ्त यात्रा नहीं कर पाएंगे दरोगा भर्ती के अभ्यर्थी
दरोगा भर्ती परीक्षा को लेकर शरारती तत्व भ्रामक व असत्य सूचनाएं प्रसारित कर रहे हैं। ऐसे ही तत्वों ने बसों में मुफ्त यात्रा का भ्रामक संदेश प्रसारित किया है। परिवहन निगम के प्रधान प्रबंधक (संचालन) अनिल कुमार का कहना है कि अभ्यर्थियों के लिए प्रवेशपत्र दिखाकर निशुल्क बस यात्रा किए जाने का कोई निर्देश नहीं दिया गया है। उन्होंने सभी क्षेत्रीय/ सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को सोशल मीडिया पर प्रसारित इस भ्रामक सूचना का खंडन करने का निर्देश दिया है।
4,543 पदों पर होगी दरोगा भर्ती
यूपी में 4543 पदों पर दरोगा भर्ती होगी। 14 और 15 मार्च को दरोगा भर्ती के लिए परीक्षा होगी। इनमें होगी परीक्षा उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस)-4242 प्लाटून कमाण्डर, पीएसी-135 प्लाटून कमाण्डर विशेष सुरक्षा बल-60 तीन महिला पीएसी वाहिनियां-106 पद शामिल हैं। इन पदों पर भर्ती के लिए 15 लाख 75 हजार 760 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इसमें 1166386 पुरुष और 409374 महिला अभ्यर्थी हैं। भर्ती बोर्ड अब लिखित परीक्षा कराने की तैयारी में लग गया है। बतादें कि दरोगा भर्ती के लिए बीती 12 अगस्त से 11 सितम्बर तक आनलाइन आवेदन मांगे गए थे। इसमें 15 सितम्बर की शाम छह बजे तक आवेदन शुल्क जमा करने और ब्योरे में संशोधन का मौका दिया गया था।




साइन इन