यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर बड़ा अपडेट, अब 22 किमी के दायरे में बनाए जाएंगे केंद्र
यूपी सरकार ने पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए केंद्र बनाने में आने वाली बाधाओं को दूर करते हुए 10 किमी की परिधि में बनाने की अनिवार्यता से छूट दे दी है। परीक्षा केंद्र अब 22 किमी की परिधि में बनाए जा सकेंगे। विशेष सचिव कार्मिक ने इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया है।

UP Police Recruitment Exam: यूपी सरकार ने पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए केंद्र बनाने में आने वाली बाधाओं को दूर करते हुए 10 किलोमीटर की परिधि में बनाने की अनिवार्यता से छूट दे दी है। परीक्षा केंद्र अब 22 किमी की परिधि में बनाए जा सकेंगे। विशेष सचिव कार्मिक शशिकांत कनौजिया ने इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया है।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा 14 व 15 मार्च को पुलिस भर्ती परीक्षा आयोजित की गई है। इसमें करीब 16 लाख परीक्षार्थियों को शामिल होना है। इसलिए परीक्षा केंद्र भी हजारों की संख्या में बनाए जाने हैं। कार्मिक विभाग द्वारा 19 जून 2024 को जारी शासनादेश में परीक्षा केंद्र बनाने की नीति तय की गई है। इसके मुताबिक बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन व कोषागार से 10 किमी की परिधि में परीक्षा केंद्र बनाए जा सकते हैं।
अभ्यर्थियों की संख्या लाखों में होने की वजह से पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड को परीक्षा केंद्र बनाने में दिक्कत आ रही थीं। इसीलिए शासन से इस संबंध में विचार करते हुए नियम में ढील देने का अनुरोध किया गया था। कार्मिक विभाग ने परीक्षार्थियों की संख्या को देखते हुए 10 किमी परिधि की अनिवार्यता को शिथिल करते हुए 22 किमी की परिधि में केंद्र बनाने की अनुमति दे दी गई है। कार्मिक विभाग ने इस संबंध में अपर मुख्य सचिव गृह, पुलिस महानिदेशक, भर्ती बोर्ड और अपर महानिदेशक स्पेशल टास्क फोर्स को सूचना भेज दी है।
48 घंटे में 77440 परीक्षार्थी आएंगे कानपुर सेंट्रल
उधर, आगामी शनिवार और रविवार को पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए 77440 परीक्षार्थी कानप सेंट्रल स्टेशन पर भीड़ बढाएंगे। इस सिलसिले में डिप्टी सीटीएम आशुतोष सिंह ने एसीएम पवन कुमार, वरिष्ठ स्टेशन अधीक्षक अवधेश द्विवेदी, आरपीएफ पोस्ट प्रभारी एसएन पाटीदार संग बैठक की। दो घंटे तक चली बैठक में तय हुआ कि चार स्पेशल ट्रेनों के रैक रिजर्व में खड़े रहेंगे। जिस रूट का लोड दिखा, तत्काल उस रूट पर स्पेशल ट्रेन चलाकर भीड़ को नियंत्रित किया जाएगा। इसके साथ ही कैंट औऱ सिटी साइड की होल्डिंग एरिया को चालू किया जाएगा ताकि प्लेटफॉर्मों पर एक साथ भीड़ न उमड़े।
आशुतोष सिंह ने मातहतों से कहा कि चाहे होल्डिंग एरिया में भीड़ रोकें या फिर फुटओवर ब्रिज पर। किसी भी कीमत पर भीड़ को अनियंत्रित न होने दें। इसके साथ ही प्रवेश गेट औऱ प्लेटफॉर्म ड्यूटी के जवान एक दूसरे से संपर्क में रहें ताकि भीड़ प्लेटफॉर्मों पर बढ़े तो तत्काल बात करके प्रवेश गेट पर ही भीड़ को रोक दें। उधर परिचालन अधिकारी जिस रूट की भीड़ अधिक है, उधर की ट्रेन एनाउंस करके स्पेशल ट्रेन चलवाएं।




साइन इन