जनता से बदसलूकी करने वाले थाना प्रभारी पर गिरी गाज, एसपी ने किया लाइन हाजिर
महराजगंज में वाहन जांच के दौरान हुए विवाद और पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवालों के बाद एसपी ने बड़ा ऐक्शन लिया है। जनता से गलत व्यवहार, राजकीय कार्यों में लापरवाही और उच्चाधिकारियों को भ्रामक सूचना देने के आरोप में प्रभारी निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है।

UP News: यूपी के महराजगंज के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान बवाल के बाद पुलिस की ज्यादती पर उठे सवाल के बीच एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने ऐक्शन लिया है। उन्होंने जनता से गलत व्यवहार करने, राजकीय कार्यों में लापरवाही बरतने व उच्चाधिकारियों को भ्रामक सूचना देकर गुमराह करने के आरोप में प्रभारी निरीक्षक श्यामदेऊरवा अखिलेश कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है।
एसपी ने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता, जनता के प्रति असंवेदनशील रवैया व राजकीय कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर पुलिसकर्मी का यह परम कर्तव्य है कि वह आम जनता से शिष्टतापूर्वक व्यवहार करे व पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे। लापरवाही पाए जाने पर आगे भी इसी प्रकार की कठोर दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
गिरफ्तारी के बाद रास्ते में बेरहमी से पीटे गए थे पीड़ित
वाहन जांच के दौरान हंगामा में गिरफ्तार कर जेल भेजे गए संजय गुप्ता, सोहन चौधरी व रामा चौधरी शुक्रवार की रात साढ़े आठ बजे जमानत पर रिहा होने के बाद घर लौटे। शनिवार की सुबह तीनों परतावल सीएचसी पहुंच इलाज कराए। रामा चौधरी ने बताया कि बुधवार की रात गिरफ्तार करने के बाद पुलिस चिलम चौराहा से बड़हरा, पिपरपाती होते हुए सेमरहना के पास रोड पर रात में रोक बेरहमी से पिटाई किए। बंदूक के बट से मारे। सीएचसी पर एक्सरे जांच में रामा चौधरी के पेट के पीछे कमर के उपर की एक हड्डी में फ्रैक्चर है। पिटाई से आंख लाल है। सोहन चौधरी के चेहरे पर सूजन है। संजय गुप्ता के सीने पर चोट लगी है।
एएसपी ने पहुंचकर की जांच
श्यामदेउरवा क्षेत्र के चिलम चौराहा पर बुधवार की साढ़े सात बजे वाहन जांच के दौरान हुए बवाल के बाद पीड़ित परिवार में दहशत व घर छोड़ फरार होने के मामले में जांच करने रात आठ बजे एडिशनल एसपी पीड़ित रामा चौधरी के घर पहुंचे। रामा चौधरी समेत तीन को पुलिस जेल भेज चुकी थी। पत्नी अंगिरा के खिलाफ भी केस दर्ज है। एडिशनल एसपी के पहुंचने के बाद घर पर कोई नहीं मिला। इसके बाद एडिशनल एसपी घटनास्थल पर आए। आसपास के लोगों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। अपना मोबाइल नंबर दिया। कहा कि कानून व्यवस्था में कोई समस्या हो तो फौरन कॉल करे। इसके बाद वह चले गए। एएसपी के जांच के बाद प्रभारी निरीक्षक शनिवार को लाइन हाजिर कर दिए गए।
विधायक से मिले पीड़ित परिवार, की बातचीत
पनियरा विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह के आवास पर तीनों पीड़ित क्षेत्रीय लोगों के साथ पहुंचे। विधायक ने बातचीत के बाद बताया कि घटना के समय वह लखनऊ में थे। जानकारी मिली थी कि पुलिस ने ज्यादती की है। विधायक ने पीड़ितों को एसपी को प्रार्थना पत्र देने को कहा। बताया कि इस संबंध में वह बात करेंगे। एसपी को प्रार्थना पत्र बवनाने में देरी होने से पीड़ित पुलिस कार्यालय नहीं जा पाए। सोमवार को वह एसपी से प्रार्थना पत्र देंगे।
बेटे को झूठे आरोप लगा अपराधी बना दी पुलिस
रामा चौधरी के पिता रामचंदर अब साधु हो गए हैं। मंदिर पर रहते हैं। उन्होंने बताया कि परिवार के किसी सदस्य पर अभी तक 151 की कार्रवाई नहीं हुई है। पुलिस झूठे आरोप लगाकर अपराधी बना दी। रामचन्दर ने बताया कि बेटे का मोबाइल थाने में जब्त है। मोबाइल लेने के लिए वह थाने पर पहुंचे तो बताया कि रामा चौधरी को भेजिए। उसके आने पर ही मोबाइल दिया जाएगा। संजय व रोहन का भी मोबाइल थाने पर ही है। इन सभी का मोबाइल लॉक है।
कोठीभार से लाइनहाजिर हो चुके हैं तीन सिपाही
श्यामदेउरवा थाना से लाइन हाजिर हुए प्रभारी निरीक्षक कोठीभार थाना से भी लाइन हाजिर हुए थे। बाद में बहाली के बाद वह कोल्हुई थानाध्यक्ष बने। वहां से स्थानांतरित होकर श्यामदेउरवा आए। बताया जा रहा है कि श्यामदेउरवा थाना में एसओ के साथ जो पांच हमराही चलते थे, वह कोठीभार थाना में रह चुके थे। इसमें से तीन सिपाही कोठीभार से लाइन हाजिर हुए थे। अब स्थानांतरण के बाद श्यामदेउरवा आए हैं।




साइन इन