सपा सांसद छोटेलाल का गीत के जरिए तंज, पीछे हंसी नहीं रोक पा रही थीं प्रिया सरोज, वीडियो वायरल
सोनभद्र से सपा सांसद छोटेलाल खरवार ने संसद में गीत गाकर क्षेत्र की बदहाली पर सरकार को घेरा। उनके पीछे बैठीं सांसद प्रिया सरोज की हंसी और अखिलेश यादव का 'खटिया खड़ी करने' वाला ट्वीट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

UP news: संसद के भीतर जनता के मुद्दों को उठाने के लिए अक्सर शोर-शराबा और तीखी बहस देखी जाती है, लेकिन समाजवादी पार्टी के सांसद छोटेलाल खरवार ने एक बिल्कुल अलग और देसी अंदाज अपनाकर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। सोनभद्र (रॉबर्ट्सगंज) से सांसद छोटेलाल ने सदन में अपने क्षेत्र की जर्जर हालत और बदहाली को एक लोकगीत के जरिए बयां किया। इस दौरान पीछे बैठीं सपा सांसद प्रिया सरोज अपनी हंसी नहीं रोक पा रही थीं। प्रिया सरोज ही नहीं सत्ता दल से जुड़े सांसद और रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव भी मुस्कराते नजर आए। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
लोकगीत में छिपा था बदहाली का दर्द
संसद में अपनी बात रखते हुए छोटेलाल खरवार ने किसी लंबे भाषण के बजाय सुर छेड़ दिए। उन्होंने अपने क्षेत्र की सड़कों, विकास कार्यों की सुस्त रफ्तार और प्रशासन की अनदेखी पर तंज कसते हुए गाना शुरू किया। उनके इस मजाकिया लेकिन मारक अंदाज ने सदन में मौजूद अन्य सांसदों को भी मुस्कुराने पर मजबूर कर दिया। विशेष रूप से उनके ठीक पीछे बैठीं सपा की युवा सांसद प्रिया सरोज अपनी हंसी नहीं रोक पाईं और पूरे समय मुस्कुराती नजर आईं। यह जुगलबंदी कैमरे में कैद हो गई और अब नेटिजन्स इसे खूब पसंद कर रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कसा तंज: "जनता खड़ी करेगी खटिया"
सांसद के इस वीडियो को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने खुद अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया है। वीडियो साझा करते हुए अखिलेश ने सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने शायराना और देसी अंदाज में लिखा:
“बहरी सरकार सुने न कोई बतिया… जनता खड़ी करेगी इनकी खटिया।”
अखिलेश यादव के इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। सपा का तर्क है कि जब सीधे शब्दों में सरकार तक जनता की आवाज नहीं पहुंच रही, तो अब लोकगीतों और व्यंग्य के जरिए 'बहरी सरकार' को जगाने की कोशिश की जा रही है।
सोनभद्र की समस्याओं पर फोकस
छोटेलाल खरवार ने अपने गीत के माध्यम से यह संदेश देने की कोशिश की कि सोनभद्र जैसा संसाधन संपन्न जिला आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहा है। जर्जर सड़कें और धूल फांकती योजनाएं जनता के लिए जी का जंजाल बनी हुई हैं। सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को शेयर कर कह रहे हैं कि "सांसद हो तो ऐसा, जो अपनी मिट्टी की भाषा में दिल्ली का दरबार हिला दे।"




साइन इन