यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन 6 गिरफ्तार, अफवाह फैलाने वाला भी पकड़ाया
UP Police constable recruitment exam: m: यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन दो अभ्यर्थियों समेत छह आरोपी पकड़े गए। इनमें अलीगढ़ व आजमगढ़ में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचे तीन साल्वर व एक सहयोगी शामिल है।

UP Police constable recruitment exam: यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन केंद्रों पर और कड़ा पहरा रहा। दोनों पालियों की परीक्षा के दौरान हरदोई, कानपुर, अलीगढ़ व आजमगढ़ में दो अभ्यर्थियों समेत छह आरोपी पकड़े गए। इनमें अलीगढ़ व आजमगढ़ में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचे तीन साल्वर व एक सहयोगी शामिल है। हरदोई में अभ्यर्थी नकल करने के लिए मोबाइल फोन व प्रतियोगी परीक्षा के प्रश्नपत्र लेकर केंद्र पहुंचा था। ऐसे ही कानपुर में एक अभ्यर्थी इलेक्ट्रानिक गैजेट के साथ केंद्र में प्रवेश करने के दौरान दबोचा गया। पहले दिन की परीक्षा के दौरान गोरखपुर व हापुड़ में मोबाइल फोन के साथ दो अभ्यर्थी पकड़े गए थे, जिसके बाद मंगलवार की परीक्षा के दौरान और प्रभावी चेकिंग व सतर्कता के निर्देश थे।
पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड के अनुसार दूसरे दिन सभी जिलों के 1183 परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। मंगलवार को दोनों पालियों की लिखित परीक्षा में 76.10 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। कुल 9,62,833 अभ्यथियों को परीक्षा में शामिल होना था, जिनमें 7,32,731 अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र पहुंचे। लगभग 24 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
भर्ती बोर्ड के अनुसार हरदोई में वेणी माधव विद्यापीठ इंटर कालेज स्थित परीक्षा केंद्र में आगरा निवासी अभ्यर्थी रोहित पथौरी नकल करने के लिए मोबाइल फोन व पूर्व की प्रतियोगी परीक्षा के प्रश्न पत्र लेकर पहुंचा था। संदेह होने पर की गई सघन चेकिंग में वह पकड़ा गया। आरोपी अभ्यर्थी के विरुद्ध हरदोई की शहर कोतवाली में उप्र सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा कानपुर में सिद्दीकी फैज-ए-आम इंटर कालेज मखनिया स्थित परीक्षा केंद्र में द्वितीय पाली की परीक्षा शुरू होने से पहले चेकिंग के दौरान झांसी निवासी अभ्यर्थी पंकज वर्मा इलेक्ट्रानिक गैजेट लेकर भीतर घुसने के प्रयास में पकड़ा गया। अभ्यर्थी से पूछताछ कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अलीगढ़ में धर्म समाज महाविद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र में धौलपुर, राजस्थान निवासी श्याम सुन्दर कूटरचित आधारकार्ड के जरिए परीक्षार्थी हरगोविंद के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचा था, जो चेकिंग के दौरान पकड़ा गया। आरोपी श्याम सुन्दर के साथ उसके सहयोगी मौजी गुप्ता को भी गिरफ्तार किया गया है। अलीगढ़ में ही रत्नप्रेम डीएवी बालिका इंटर कालेज में फिरोजाबाद निवासी विकास कुमार जाली आधारकार्ड बनवाकर परीक्षार्थी फिरोजाबाद निवासी हरिओम कुमार के नाम से परीक्षा देने पहुंचा था, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों मामलों में अलीगढ़ के थाना क्वार्सी में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। वहीं मुजफ्फरनगर में डीएवी इंटर कालेज में साल्वर गजेन्द्र शर्मा को गिरफ्तार किया गया। वह कूटरचित आधारकार्ड बनवाकर परीक्षार्थी युवांक शर्मा के नाम से परीक्षा देने पहुंचा था। इन मामलों में अभ्यर्थियों के विरुद्ध भी जांच व विधिक कार्रवाई होगी।
अफवाह फैलाने वाला भी गिरफ्तार
सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह व भ्रामक संदेश प्रसारित कर गड़बड़ी के प्रयास भी लगातार जारी हैं। आजमगढ़ में ऐसे ही एक मामले में आरोपी की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस के मुताबिक इंस्टाग्राम पर inderjeet_gautam_007 के नाम की आईडी से भ्रामक व तथ्यहीन वीडियो पोस्ट किए गए थे। आजमगढ़ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी अमरोहा निवासी इन्द्रजीत को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा परीक्षा के दौरान गड़बड़ी के मामलों में यू ट्यूब चैनल टारगेट सेलेक्शन पर भ्रामक एवं तथ्यहीन वीडियो प्रसारित किए जाने पर लखनऊ के हुसैनगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। वहीं फेसबुक पर यूजर तनिष्क चौधरी द्वारा दरोगा भर्ती 2025 को लेकर भ्रामक एवं तथ्यहीन वीडियो वायरल किये जाने के मामले में भी लखनऊ के हुसैनगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। इसके बारे में भर्ती बोर्ड द्वारा जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर पर गोपनीय सूचना मिली थी।




साइन इन