UP Police Constable Exam Day 2: 7.32 Lakh Candidates Appear; Impostors and Cheaters Arrested Across UP यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन 7.32 लाख अभ्यर्थी हुए शामिल, धरे गए शातिर 'मुन्नाभाई', ऐसे खुली पोल, Career Hindi News - Hindustan
More

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन 7.32 लाख अभ्यर्थी हुए शामिल, धरे गए शातिर 'मुन्नाभाई', ऐसे खुली पोल

यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती के दूसरे दिन 7.32 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी । इस दौरान नकल के लिए गैजेट, मोबाइल और फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल करने वाले कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है ।

Tue, 9 June 2026 07:46 PMPrachi लाइव हिन्दुस्तान
share
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन 7.32 लाख अभ्यर्थी हुए शामिल, धरे गए शातिर 'मुन्नाभाई', ऐसे खुली पोल

UP Police Constable Exam: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित की जा रही यूपी पुलिस कांस्टेबल सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा का दूसरा दिन यानी 9 जून 2026 भी सफलतापूर्वक संपन्न हो गया । भीषण गर्मी के बीच प्रदेश के सभी 75 जनपदों में बनाए गए 1183 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा का आयोजन पूरी तरह से शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित माहौल में किया गया।

76 प्रतिशत से अधिक रही अभ्यर्थियों की उपस्थिति

पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को दोनों पालियों की लिखित परीक्षा के लिए कुल 9,62,833 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था । इनमें से कुल 7,32,731 अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जो कि कुल आवेदकों का 76.10 प्रतिशत है । अपनी किस्मत आजमाने आए युवाओं में गजब का उत्साह देखा गया, लेकिन इसके साथ ही गड़बड़ी करने वाले शातिर अपराधियों पर भी प्रशासन की पैनी नजर रही।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:MBA से लेकर PhD वालों ने दी UP पुलिस कांस्टेबल परीक्षा, 1 सीट के लिए 89 दावेदार

पकड़े गए शातिर 'मुन्नाभाई', पुलिस ने दर्ज की FIR

भर्ती परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के लिए बोर्ड और स्थानीय पुलिस प्रशासन ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कड़ी निगरानी रखी थी । इस दौरान नकल करने और फर्जीवाड़ा करने के कई मामले सामने आए, जिन पर तुरंत कार्रवाई करते हुए मुकदमे दर्ज किए गए और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी पुलिस कांस्टेबल परीक्षा; एडमिट कार्ड दिखाएं और किराया हुआ आधा

हरदोई में मोबाइल के साथ पकड़ा गया छात्र: वेणी माधव विद्यापीठ इंटर कालेज में आगरा का रहने वाला परीक्षार्थी रोहित पथौरी नकल के इरादे से छिपाकर मोबाइल फोन और पुरानी प्रतियोगी परीक्षा का प्रश्न पत्र ले गया था । उसके खिलाफ कोतवाली शहर थाने में उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अनुचित साधनों का निवारण अधिनियम-2024 और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया ।

अलीगढ़ और मुजफ्फरनगर में फर्जी छात्र गिरफ्तार: अलीगढ़ के धर्म समाज महाविद्यालय में राजस्थान का श्याम सुन्दर, हरगोविंद नामक परीक्षार्थी की जगह फर्जी आधार कार्ड बनवाकर परीक्षा दे रहा था । पुलिस ने श्याम सुन्दर और उसके साथी मौजी गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। इसी तरह मुजफ्फरनगर के डीएवी इंटर कालेज में दूसरे के नाम पर परीक्षा दे रहे गजेंद्र शर्मा को फर्जी आधार कार्ड के साथ दबोचा गया ।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बस अड्डे, रेलवे स्टेशन पर भीड़, यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में उमड़े अभ्यर्थी

कानपुर में इलेक्ट्रॉनिक गैजेट बरामद: कानपुर के सिद्दीकी फैज ए आम इंटर कालेज में दूसरी पाली शुरू होने से पहले चेकिंग के दौरान झांसी का अभ्यर्थी पंकज वर्मा इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के साथ पकड़ा गया, जिससे पूछताछ जारी है।

भ्रामक वीडियो फैलाने वाला भी गया जेल: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर भ्रामक और तथ्यहीन वीडियो पोस्ट करने के आरोप में पुलिस ने इन्द्रजीत नामक व्यक्ति को आजमगढ़ में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है ।

पुलिस भर्ती बोर्ड ने साफ कर दिया है कि ऐसा आपराधिक कृत्य करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी । बोर्ड ने सभी ईमानदार अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे ऐसे किसी भी भ्रामक संदेश या फर्जी गिरोह से सावधान रहें और अपनी परीक्षा की तैयारी पूरी ईमानदारी और मनोयोग से करें ।

करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन , CBSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।