Sister Orchestrates Brother Murder After He Lays Hands on Her Honor Conspires with Lover to Have Him Killed इज्जत पर हाथ डाला तो बहन ने भाई से लिया बदला, प्रेमी संग मिलकर करवा दी हत्या, दो दोस्तों की भी जान गई, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

इज्जत पर हाथ डाला तो बहन ने भाई से लिया बदला, प्रेमी संग मिलकर करवा दी हत्या, दो दोस्तों की भी जान गई

मेरठ जिले के दौराला में तीन लोगों की शराब पीने से मौत की वारदात में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। अंकित ने शराब पीकर अपनी बहन अलका के साथ मारपीट की और इज्जत पर हाथ डाला।

Sun, 5 April 2026 07:47 PMDinesh Rathour मेरठ, प्रमुख संवाददाता
share
इज्जत पर हाथ डाला तो बहन ने भाई से लिया बदला, प्रेमी संग मिलकर करवा दी हत्या, दो दोस्तों की भी जान गई

Meerut News: मेरठ जिले के दौराला में तीन लोगों की शराब पीने से मौत की वारदात में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। अंकित ने शराब पीकर अपनी बहन अलका के साथ मारपीट की और इज्जत पर हाथ डाला। इसी बात का बदला लेने के लिए अलका ने प्रेमी पवन के साथ मिलकर अंकित की हत्या की प्लानिंग की। शराब में साइनाइड मिलाकर अंकित को दिया। शराब पीने से अंकित समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने अलका, उसके प्रेमी पवन और साइनाइड उपलब्ध कराने वाले सुनार अशोक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता करते हुए एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि दौराला में तीन अप्रैल की रात को शराब पीने के बाद अंकित उर्फ दौलत, बाबूराम और जितेंद्र की मौत हो गई थी। जांच में खुलासा हुआ कि जिस ब्रांड की शराब पी थी, वह जहरीली नहीं थी। हालांकि पोस्टमार्टम में साइनाइड से मौत होने की बात सामने आई। ऐसे में साफ हुआ कि किसी ने बाहर से शराब में जहर मिलाकर दिया और इसी से तीनों की मौत हुई। पूछताछ में पता चला कि शराब अंकित लेकर आया था। ठेके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो अंकित वहां नहीं दिखा। ऐसे में माना गया कि किसी अन्य ने शराब अंकित को दी होगी। इस लाइन पर काम किया तो पवन का नाम सामने आया। पवन को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दृश्य फिल्म देखकर ठिकाने लगाई लाश, अवैध संबंध में पत्नी ने पति को मरवा डाला

पवन बोला, अलका के कहने पर की वारदात

पवन ने पूछताछ में खुलासा किया कि अलका से उसका 24 साल से प्रेम प्रसंग था। अलका ने बताया था कि अंकित शराब पीकर मारपीट करता था। कुछ माह पूर्व उसने अलका की इज्जत पर भी हाथ डाला था। अलका ने इस बात की जानकारी पवन को दी और अंकित की हत्या का प्लान बनाया। इसके बाद पवन ने अपने परिचित सुनार अशोक उर्फ सोनी से संपर्क किया और उससे जहर के बारे में जानकारी ली। अशोक ने बताया कि जेवरात साफ करने में साइनाइड का इस्तेमाल किया जाता है। इसकी छोटी सी मात्रा भी किसी की जान लेने के लिए काफी है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:चाची पर खराब हुई भतीजे की नीयत, दोपहर में चुपके से घर में घुसकर किया रेप

500 रुपये में खरीदा साइनाइड

पवन ने अशोक से 500 रुपये में साइनाइड खरीदा और 30 मार्च को अलका को दिया। कहा कि अंकित को खाने में मिलाकर दे देना। हालांकि अलका काम पूरा नहीं कर पाई। इसके बाद 2 अप्रैल को पवन ने शाम सात बजे कल्लू नाम के युवक को 100 रुपये देकर शराब मंगवाई। इस पाउच को खोलकर इसमें साइनाइड मिलाया और फेवी क्विक लगाकर उसे बंद कर दिया। इसी शराब के पाउच को तीन अप्रैल को पवन ने रजवाहे के पास अंकित को दिया। अंकित ने शराब दौराला निवासी बाबूराम और जितेंद्र के साथ मिलकर पी थी और इसलिए तीनों की मृत्यु हो गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:युवती की मोहब्बत में सलाखों के पीछे पहुंचा प्रेमी, नाराज प्रेमिका टावर पर चढ़ी

पवन बोला, अंकित की मौत का अफसोस नहीं

पुलिस ने अंकित की बहन अलका, उसके प्रेमी पवन और साइनाइड देने वाले अशोक को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में पवन बोला कि अंकित गलत आदमी था और उसकी मौत का अफसोस नहीं है। हालांकि कहा कि बाबूराम और जितेंद्र साथ में शराब पी लेंगे, ये नहीं पता था और इन दोनों की मौत का अफसोस रहेगा।

इनकी हुई गिरफ्तारी

1. अलका निवासी वार्ड-14 मनोहर पट्टी, दौराला मेरठ

2. पवन अहलावत उर्फ पोली निवासी मनोहर पट्टी दौराला

3. अशोक वर्मा निवासी मोहनपुरी, दौराला मेरठ

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।