भाईचारे के साथ मनाएं बकरीद, खुले में कुर्बानी पर रोक
Siddhart-nagar News - 17 एसआईडीडी 18: त्रिलोकपुर थाने में बकरीद पर्व को लेकर रविवार को पीस कमेटी की बैठक में मौजूद पुलिस अधिकारी, धर्मगुरु व अन्य।

सोहना, हिन्दुस्तान संवाद। बकरीद पर्व को सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार को त्रिलोकपुर थाने पर पीस कमेटी की बैठक हुई। इसमें क्षेत्र के मौलवी, धर्मगुरु, जनप्रतिनिधि, व्यापारी, ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य समेत अन्य ने हिस्सा लिया। पुलिस प्रशासन ने सभी से आपसी भाईचारे और सहयोग के साथ त्योहार मनाने की अपील की।प्रभारी निरीक्षक हरे कृष्ण उपाध्याय ने कहा कि बकरीद आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता का पर्व है। ऐसे में सभी लोगों की जिम्मेदारी है कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने शासन और उच्चाधिकारियों से प्राप्त निर्देशों की जानकारी देते हुए कहा कि कुर्बानी किसी भी हालत में खुले स्थान पर न की जाए, ताकि किसी की धार्मिक भावनाएं आहत न हों और सामाजिक वातावरण प्रभावित न हो।
प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि कुर्बानी के बाद निकलने वाले अवशेषों का सुरक्षित निस्तारण किया जाए। इसके लिए गड्ढा खोदकर अवशेष दबाने के निर्देश दिए। खुले में अवशेष फेंकने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी। साथ ही सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध सूचना की तत्काल पुलिस को जानकारी देने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को किसी प्रकार की समस्या या संदेह हो तो वह सीधे थाना प्रशासन से संपर्क कर सकता है। बैठक में मौजूद लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया और क्षेत्र में आपसी सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया। इस मौके पर एसआई शिवनारायण सिंह, गणेश कुमार, शिवाकांत राय, जयप्रकाश प्रसाद, त्रिभुवन यादव, कृष्ण कुमार पाण्डेय, कांस्टेबल जुनेद अहमद, वेद प्रकाश सिंह यादव, सागर जायसवाल, नितिन पाठक, सोनू शर्मा आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन