देर में आ रहा है तेल, सोने चांदी की खरीदारी घटी
Shravasti News - ईरान अमेरिका इजराइल युद्ध के बाद जिले में तेल संकट बना हुआ है। अधिकांश पेट्रोल पंप सप्ताह में दो से तीन दिन बंद रहते हैं। प्रधानमंत्री की अपील के बाद तेल की खपत में कमी लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सोने और चांदी की बिक्री में 50 प्रतिशत की कमी आई है, जिससे व्यापारी मायूस हैं।

श्रावस्ती,संवाददाता। ईरान अमेरिका इजराइल युद्ध के बाद से तेल संकट बरकरार है। जिले में मांग के अनुरूप तेल आपूर्ति का दावा तो जरूर किया जा रहा है। लेकिन अधिकांश पेट्रोल पंप सप्ताह में दो से तीन दिन बंद रहते हैं।
प्रधानमंत्री की अपील
प्रधानमंत्री की अपील के बाद से प्रशासनिक अमले में तेल की कटौती की जा रही है। वहीं सोने चांदी के भाव भी लगातार बढ़ते जा रहे हैं। यहां तक कि आम लोगों की पहुंच के बाहर होते जा रहे हैं। इसलिए खरीदारी घट गई है। जिले में तेल आपूर्ति के लिए 50 पेट्रोल पम्प हैं। दो महीने पहले इन पेट्रोल पम्पों को प्रतिदिन टैंकर से सप्लाई दी जा रही थी। लेकिन ईरान युद्ध के बाद से आपूर्ति में बाधा आ रही है। एक तो तेल कंपनियों ने पेट्रोल पम्पों को क्रेडिट से तेल देना बंद कर दिया है। वहीं अब तीसरे चौथे दिन तेल दिया जा रहा है। इसलिए सप्ताह में मात्र एक या दो बार ही पेट्रोल पंपों तक टैंकर से तेल पहुंच पा रहा है। इससे अधिकांश पेट्रोल पंप सप्ताह में तीन दिन बंद ही रहते हैं।
गाड़ियों के काफिलों पर रोक
प्रधानमंत्री की तेल की खपत में बचत की अपील के बाद प्रशासन ने गाड़ियों के काफिलों पर रोक लगाने की कवायद की है। अब डीएम एसपी की गाड़ी के काफिले में मात्र एक अतिरिक्त गाड़ी ही रहती है। इसी तरह से विधायक श्रावस्ती की गाड़ी के साथ मात्र एक गाड़ी ही चलने लगी है। जबकि पहले तीन से चार गाड़ियां चल रही थीं।
सोने चांदी की बिक्री में कमी
सोने चांदी की बिक्री घटी, सर्राफा व्यापारी मायूस: लगातार महंगे होने के कारण सोने चांदी की बिक्री पर असर तो एक साल से पड़ रहा है। लेकिन प्रधानमंत्री की घोषणा के बाद तो सर्राफा व्यापारी एक दम मायूस हो गए हैं। इकौना में दुकान कर रहे रामनरेश ओम जी ज्वैलर्स मालिक ओम जी सोनी ने बताया कि प्रधानमंत्री की ओर से सोना चांदी के जेवरात की खरीदारी कम करने की अपील के बाद काफी प्रभाव पड़ा है। इसके साथ ही 14 प्रतिशत आयात शुल्क बढ़ाने से सोने और चांदी के जेवरात और महंगे हो गए हैं। इससे ग्राहकों को महंगे जेवरात खरीदने की मुश्किलें बढ़ गई हैं और बिक्री करीब 50 प्रतिशत तक घट गई है।
इसी तरह से सर्राफा व्यवसायी अर्जुन प्रसाद उर्फ पप्पू सोनी ने बताया कि सर्राफा दुकानों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संदेश सोने की खरीदारी एक वर्ष न करने से व्यापार काफी प्रभावित हुआ है। इसके साथ ही 14 आयात शुल्क बढ़ने से सोने और चांदी के रेट भी महंगे हो गए हैं। सर्राफा व्यवसायी ने बताया कि महंगाई के कारण निर्बल, कमजोर एवं मध्यम वर्ग के लोगों को जेवरात खरीदना मुश्किल हो गया है। इससे व्यापार में 50 प्रतिशत की कमी हुई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन