काफिले में वाहनों की कटौती से ईंधन की हो रही बचत
Balrampur News - बलरामपुर, संवाददाता। खाड़ी देशों में जंग जैसे तनावपूर्ण माहौल की तपिश अब बाजारों और
बलरामपुर, संवाददाता। खाड़ी देशों में जंग जैसे तनावपूर्ण माहौल की तपिश अब बाजारों और आम जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। जिले में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति, सरकारी काफिलों की गतिविधियां, सराफा बाजार का कारोबार और औद्योगिक उत्पादों की लागत सहित हर क्षेत्र में असामान्य हलचल महसूस की जा रही है। पेट्रोल पंप संचालकों से लेकर व्यापारिक संगठनों तक आने वाले दिनों को लेकर सतर्क नजर आ रहे हैं।जिले के कई पेट्रोल पंपों पर पिछले कुछ दिनों से वाहनों की संख्या में कमी देखी जा रही है। जहां एक ओर आम लोग जरूरत भर ईंधन खरीदने को प्राथमिकता दे रहे हैं, वहीं बड़े वाहनों और काफिलों की आवाजाही में कमी का असर बिक्री पर दिखाई देने लगा है।
पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि तेल कंपनियां अब मांग के अनुसार ही नगदी भुगतान पर ईंधन उपलब्ध करा रही हैं। करीब एक माह पहले सात दिन का क्रेडिट नोट बंद कर दिए जाने के बाद अधिकांश संचालक उधारी में माल लेने से बच रहे हैं। हालांकि जिले में फिलहाल किसी पेट्रोल पंप के पूरी तरह ड्राई होने की स्थिति सामने नहीं आई है, लेकिन सीमित स्टॉक और सतर्क आपूर्ति व्यवस्था के कारण संचालकों ने अतिरिक्त जोखिम लेना लगभग बंद कर दिया है। कई पंपों पर ग्राहकों को जरूरत के अनुसार ही ईंधन देने की बात भी सामने आई है। उधर नेताओं और अधिकारियों द्वारा काफिलों में कटौती के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी तस्वीर मिश्रित नजर आ रही है। कुछ विभागों में वाहनों की संख्या कम हुई है, जबकि कई स्थानों पर पुलिस और प्रशासनिक वाहनों की सामान्य आवाजाही जारी है। इस बीच सराफा बाजार में भी असामान्य स्थिति बनी हुई है। सोना-चांदी की कीमतों में तेजी के कारण व्यापारी अब केवल नकद लेनदेन को प्राथमिकता दे रहे हैं। सोने चांदी की एडवांस बुकिंग लगभग बंद हो चुकी है। पुराने तय दामों पर माल देने से कारोबारियों ने साफ इनकार करना शुरू कर दिया है। व्यापारियों का कहना है कि लगातार बदलते भावों के कारण पुराने सौदे निभाना घाटे का कारण बन रहा है। बाजार से जुड़े कारोबारियों की मानें तो इस समय सामान्य दिनों की तुलना में लगभग 10 प्रतिशत व्यापार ही हो पा रहा है। वहीं कई प्रतिष्ठानों में स्टाफ कम करने की तैयारी भी शुरू हो चुकी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन