shahjahanpur is the name of the era of slavery change it uma bharti demanded from cm yogi adityanath शाहजहांपुर गुलामी के दौर का नाम, इसे बदल दें, उमा भारती ने सीएम योगी से की मांग, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

शाहजहांपुर गुलामी के दौर का नाम, इसे बदल दें, उमा भारती ने सीएम योगी से की मांग

उमा भारती ने बरेली में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि शाहजहांपुर नाम गुलामी के दौर का है। यह ठीक नहीं लग रहा। मैं योगी जी से इसका नया नाम प्रस्तावित करने का आग्रह करती हूं। उन्होंने कहा कि यह नाम वह दोबारा नहीं सुनना चाहती हैं।

Mon, 18 Aug 2025 12:13 PMAjay Singh संवाददाता, बरेली
share
शाहजहांपुर गुलामी के दौर का नाम, इसे बदल दें, उमा भारती ने सीएम योगी से की मांग

मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से शाहजहांपुर जिले का नाम बदलने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह गुलामी के दौर का नाम है। यूपी के बरेली के आंवला में वीरागंना रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण करने पहुंचीं उमा भारती ने कहा कि मैं यहां आ रही थी तो शाहजहांपुर नाम का एक जिला देखा। यह नाम ठीक नहीं लग रहा। मैं योगी जी से इसका नया नाम प्रस्तावित करने का आग्रह करती हूं। उन्होंने कहा कि यह नाम वह दोबारा नहीं सुनना चाहती हैं। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, कैबिनेट मंत्री धर्मपाल भी मौजूद रहे।

प्रतिमा अनावरण के बाद जनसभा को संबोधित करते उमा भारती ने कहा कि पिछड़े और दलितों के बिना भाजपा राजनीति नहीं कर सकती है। उन्हें सभी को साथ लेकर चलना होगा और बराबर में कुर्सी देनी होगी। लोधी समाज ने एकजुट होकर भाजपा को सत्ता तक पहुंचाया है, इसके बाद अन्य पिछड़े समाजों को भी भाजपा में अपना हित नजर आया। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण में दलितों और पिछड़ों को बराबर की हिस्सेदारी चाहिए। महिला विधेयक में तय किया जाए कि उन्हें कितना आरक्षण निश्चित रूप से दिया जाएगा। इसके लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:आगरा के होटल में लगी आग, एसी कंप्रेशर फटने की आशंका; मचा हड़कंप

साध्वी ने कहा कि हम पिछड़े लोग देश और समाज के लिए बलिदान देने और हल चलाकर मेहनत से चीजों को हासिल करते हैं। साजिश और चापलूसी की राजनीतिक नहीं करते हैं, इसीलिए कभी-कभी राजनैतिक धोखे का शिकार हो जाते हैं। अब हम जागरूक हो गए हैं, धोखेबाज लोगों को सही समय पर सही जबाब देना भी जानते हैं। राममंदिर पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि मथुरा और काशी में मंदिर होने के साक्ष्य प्रत्यक्ष दिखाई देते हैं, लेकिन अयोध्या में मंदिर के साक्ष्य तो जमीन के नीचे दबे थे। इसलिए विवादित ढांचा गिराया जाना जरूरी था, जिसे बाबूजी कल्याण सिंह के शासन में किया गया।

बदायूं में बनेगा महिला पीएसी बटालियन का मुख्यालय

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि आज हमें गुलामी के चिह्नों को मिटाते हुए आगे बढ़ना है। उन्होंने योगी सरकार को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने तीन महिला पीएसी बटालियन का गठन कराया है, जिसमें एक वीरांगना अवंतीबाई लोधी, दूसरी उदय देवी और तीसरी झलकारी बाई के नाम पर होगी। इनमें एक बटालियन का मुख्यालय बदायूं में होगा। लोधी समाज को सर्वाधिक सम्मान भाजपा और जनसंघ ने दिया है।

बाबूजी नहीं होते तो राम मंदिर नहीं बन पाता

पूर्व सांसद राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया ने कहा कि उनके पिता पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह नहीं होते तो राम मंदिर का निर्माण नहीं होता। उनके त्याग और समर्पण को समाज और देश कभी भुला नहीं पाएगा। उन्होंने विभिन्न राजनैतिक विचारधाराएं छोड़कर एकजुट होने पर जोर दिया। लोधी समाज को क्रमिनल आदिवासी बताए जाने पर आपत्ति जताई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:समाजवाद-धर्मनिरपेक्ष डिलीट करेंगे तभी मूल भावना में आएगा संविधान: राजा भैया

मंच पर फिसले धर्मेंद्र कश्यप

जनसभा में मंच पर आंवला के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप चढ़ते समय फिसल गए, जिससे उनका पैजामा भी फट गया। कार्यकर्ताओं ने जल्दी से उन्हें उठाया।

बुलडोजर से भी आए समर्थक

कैबिनेट मंत्री ने 250 ट्रैक्टरों से लोगों के आने का दावा किया। भारी भीड़ रही, कुछ समर्थक बुलडोजर पर बैठकर भी जनसभा में पहुंचे।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।