शादी नहीं कराई तो छलांग लगा दूंगी, प्रेमी के लिए 'वीरू' बनी प्रेमिका बिजली के टावर पर चढ़ी
मेरठ में प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी युवती फिल्म शोले की ‘वीरू’ बन गई और बिजली टावर पर जा चढ़ी। शादी न होने पर युवती ने छलांग लगाने की धमकी दी। कुछ देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

यूपी के मेरठ में प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी युवती फिल्म शोले की ‘वीरू’ बन गई और बिजली टावर पर जा चढ़ी। शादी न होने पर युवती ने छलांग लगाने की धमकी दी। कुछ देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। युवती को समझाते हुए प्रेमी को बुलाया गया। प्रेमी ने शादी का वादा किया, जिसके बाद युवती को नीचे उतारा गया। पुलिस ने काउंसिलिंग के बाद दोनों पक्ष को घर भेज दिया। दौराला के एक गांव निवासी युवती सेंटर पर सिलाई कढ़ाई सीखती है।
करीब आठ माह पूर्व इंस्टाग्राम पर युवती का परिचय लावड़ निवासी युवक से हुआ था। युवक बाइक मैकेनिक है। दोनों में प्रेम प्रसंग हो गया और युवक ने शादी का वादा कर लिया। युवती ने दो दिन पहले प्रेम-प्रसंग की बात अपनी बहन को बताते हुए शादी कराने को कहा। युवती के परिजन और रिश्तेदार शादी का प्रस्ताव लेकर दो दिसंबर को युवक के घर पहुंचे। युवक पक्ष ने कुछ दिन में जवाब देने की बात कही। नौ दिसंबर को समाज के एक व्यक्ति के घर बैठक हुई और यहां युवक के परिजनों ने शादी से इंकार कर दिया।
किसानों ने पुलिस को दी सूचना
युवती शुक्रवार सुबह करीब छह बजे गांव के बाहर बिजली के टावर पर चढ़ गई। करीब 8 बजे खेत पर गए किसानों ने यह देख गांव में सूचना दी। पुलिस को भी बुला लिया। परिजन भी पहुंच गए। युवती को उतारने का प्रयास किया लेकिन उसने इंकार कर दिया। उसने कहा प्रेमी को यहां बुलाओ और शादी कराओ, तभी नीचे उतरूंगी। युवती के परिवार के कुछ युवकों ने टावर पर चढ़ने का प्रयास किया तो युवती ने छलांग लगाने की धमकी दी। 11.30 बजे युवती के प्रेमी को बुलाया गया और बातचीत कराई। दोनों पक्ष ने शादी की सहमति दी, जिसके बाद युवती नीचे उतरने पर राजी हुई।
पैर हो गए सुन्न, पुलिस ने युवती को बचाया
युवती टावर से उतरने पर राजी हो गई, लेकिन उसके पैर सुन्न हो गए। वह कुछ डर भी गई और कांपने लगी। सिपाही भानु प्रताप ने स्थिति भांप ली और तुरंत टावर पर चढ़कर युवती को सकुशल नीचे उतारा। पुलिस प्रेमी युगल और परिजनों को थाने ले गई। इंस्पेक्टर दौराला सुमन कुमार सिंह ने बताया थाने पर महिला हेल्प डेस्क प्रभारी उपनिरीक्षक मनीषा यादव, इंदु सैनी ने दोनों पक्ष से बातचीत की। दोनों पक्ष आपस में मामले निपटाने की बात कह वापस चले गए। युवती बहन और युवक अपने पिता के साथ लौट गए। मामले का निस्तारण नहीं होने पर अधिकारियो के आदेश पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
आखिर कैसे ऊपर चढ़ी युवती
मटौर पावरग्रिड के अभियंता ललीत कुमार ने बताया विभाग द्वारा टावर पर कटीले तारों की फैंसिंग कराई गई थी, ताकि कोई ऊपर न चढ़ सके। युवती कैसे टावर पर पहुंची इसकी जानकारी नहीं है। युवती के खिलाफ थाने पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।




साइन इन