कक्षा आठ तक के स्कूल 8 जनवरी तक बंद, क्लास 9 से 12 तक का समय बदला, डीएम का आदेश
यूपी की राजधानी लखनऊ में प्री प्राइमरी से आठवीं तक सभी स्कूलों के बच्चों की छुट्टी आठ जनवरी तक बढ़ गई है। 9 वीं से 12 की कक्षाएं सुबह 10 से दोपहर तीन तक चलेंगी। डीएम विशाख जी ने सोमवार को जारी आदेश में डीआईओएस और बीएसए को निर्देश दिये हैं।

यूपी की राजधानी लखनऊ में कड़ाके की सर्दी, शीतलहर और कोहरे के चलते प्री प्राइमरी से आठवीं तक सभी स्कूलों के बच्चों की छुट्टी आठ जनवरी तक बढ़ गई है। जबकि कक्षा नौ से 12 वीं के विद्यार्थियों के स्कूल मंगलवार से खुल जाएंगे। इनकी कक्षाएं सुबह 10 से दोपहर तीन बजे के बीच चलेंगी। ये आदेश यूपी बोर्ड, सीबीएसई और सीआईएससीई समेत सभी बोर्ड के स्कूलों पर लागू होगा। लखनऊ के डीएम विशाख जी ने सोमवार को जारी आदेश में डीआईओएस और बीएसए को निर्देश दिये हैं कि स्कूलों में इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएं।
डीआईओएस राकेश कुमार ने स्कूलों के प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि सिर्फ कक्षा 9 से 12 वीं तक के बच्चों की कक्षाएं संचालित करें। स्कूलों में बच्चों को सर्दी से बचाव के सभी इंतजाम मुहैया कराएं। बच्चों को खुले में कतई न बैठाएं। कड़ाके की सर्दी के मद्देनजर छोटे बच्चों की सेहत को लेकर जिलाधिकारी ने प्री प्राइमरी व नर्सरी से लेकर आठवीं तक की छुटियां आठ जनवरी तक बढ़ा दी हैं। हालांकि बेसिक शिक्षा विभाग के प्राइमरी स्कूलों में 14 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश घोषित है।
स्कूलों ने अभिभावकों को भेजे मैसेज
डीएम का आदेश मिलते ही स्कूलों ने नर्सरी से आठवीं के बच्चों के छुट्टी का और 9 वीं से 12 वीं के कक्षाएं सुबह 10 से दोपहर तीन बजे तक चलाने का मैसेज अभिभावकों को भेजकर सूचित कर दिया है। वहीं सीबीएसई और सीआईएससीई बोर्ड के बहुत से स्कूल अवकाश के चलते बंद हैं।




साइन इन