योगी कैबिनेट में बढ़ सकते हैं 6 मंत्री, ये नाम चर्चा में, जानें कब होगा मंत्रिपरिषद का विस्तार?
खरमास के बाद टीम योगी में फेरबदल की संभावना है। छह मंत्री बढ़ सकते हैं। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को फिर मंत्री बनाया जा सकता है। मुकेश चौधरी, विद्यासागर और महेंद्र सिंह का नाम चर्चाओं में हैं।

यूपी मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। वे भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से भी मिले। इससे पूर्व रविवार को योगी ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से भी भेंट की थी। नये साल में इन मुलाकातों के साथ ही प्रदेश का सियासी तापमान चढ़ गया। खरमास के बाद टीम योगी में फेरबदल की संभावना है। मोदी और योगी की मुलाकात की तस्वीरों को प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर साझा किया। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को फिर मंत्री बनाया जा सकता है। मुकेश चौधरी, विद्यासागर और महेंद्र सिंह का नाम चर्चाओं में हैं। छह मंत्री बढ़ सकते हें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार की सुबह अचानक दिल्ली पहुंच गए। सूत्रों का कहना है कि यह यात्रा पूर्व नियोजित नहीं थी। प्रधानमंत्री मोदी से उनके आवास सात लोक कल्याण मार्ग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मुलाकात करीब एक घंटे चली। मुख्यमंत्री ने उन्हें राम मंदिर का प्रतीक चिन्ह भेंट किया। वहीं उनके हाथ में एक फाइल भी दिखी। माना जा रहा है कि योगी ने प्रधानमंत्री को यूपी सरकार के कामकाज से लेकर प्रदेश के सियासी हालात तक की विस्तार से जानकारी दी। चर्चा है कि उन्होंने प्रदेश में एसआईआर को लेकर भी विस्तृत रिपोर्ट सौंपी। इसके अलावा जेवर एयरपोर्ट और गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण की प्रगति के साथ ही अगले माह संभावित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट को लेकर भी चर्चा की। जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन भी इसी माह प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री से इसके लिए समय भी मांगा गया है।
सामाजिक समीकरण साधने पर होगा फोकस
इधर, मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं फिर तेज हैं। हालांकि इसे लेकर अटकलों का बाजार काफी समय से गर्म है। प्रदेश मंत्रिमंडल में कुल 60 मंत्री हो सकते हैं लेकिन अभी यह संख्या 54 है। जितिन प्रसाद के केंद्र में मंत्री और अनूप प्रधान वाल्मीकि के सांसद बन जाने से वो पद रिक्त चल रहे हैं। चूंकि यह बदलाव 2027 को ध्यान में रखकर होना है इसलिए इसका आकार बड़ा होने की संभावना है। सरकार के कुछ मौजूदा मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है, जबकि कुछ के विभाग भी बदले जा सकते हैं। इसके अलावा संगठन और इससे इतर कुछ चेहरों को सरकार में लाया जा सकता है।
पश्चिम को मिलेगी तरजीह
प्रदेश में फिलहाल सरकार और संगठन में पूरब का पलड़ा भारी है। ऐसे में संतुलन साधने के लिए पश्चिम क्षेत्र को विस्तार में ज्यादा तरजीह मिलने की संभावना है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को फिर मंत्री बनाया जा सकता है। मुकेश चौधरी, विद्यासागर और महेंद्र सिंह का नाम चर्चाओं में हैं। सामाजिक समीकरण के साथ ही पार्टी क्षेत्रीय संतुलन साधने पर भी फोकस करेगी। इसे लेकर बीते कुछ समय से पार्टी और संघ के स्तर पर चर्चा और रायशुमारी का सिलसिला चल रहा है। बीते सप्ताह हुई कोर कमेटी की बैठक में भी मंत्रिमंडल और आयोग-निगम, बोर्डों के खाली पदों को लेकर चर्चा की गई थी।
योगी बोले प्रदेश की विकास यात्रा को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पीएम मोदी से मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर साझा कीं। मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में लिखा कि आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंटकर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। आपका पाथेय नए उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा को और अधिक गति प्रदान करने हेतु सदैव नवीन ऊर्जा का संचार करता है। अपना बहुमूल्य समय प्रदान करने हेतु हार्दिक आभार प्रधानमंत्री जी। योगी ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की तस्वीरें भी साझा कीं।




साइन इन