24 घंटे में ही संजय निषाद के तेवर पड़े ढीले, बोले- चट्टान की तरह गठबंधन मजबूत, छुटभैया नेताओं का विरोध
मंगलवार को भाजपा को गठबंधन तोड़ने की धमकी देने वाले निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद के तेवर 24 घंटे में ही ढीले पड़ गए हैं। बुधवार को संजय निषाद ने कहा कि भाजपा के साथ गठबंधन चट्टान की तरह गठबंधन मजबूत है। कहा कि छुटभैया नेताओं का विरोध किया गया है।

निषाद पार्टी के अध्यक्ष व प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद के तेवर बुधवार को बदले नजर आए। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि भाजपा के साथ उनकी पार्टी का गठबंधन चट्टान की तरह है। उनका विरोध आयातित छुटभैया नेताओं को लेकर है, जो गलत बयानी कर रहे हैं। दूसरे दलों से चुनाव लड़ने वाले भाजपा की नहीं, विपक्ष की भाषा बोल रहे हैं।
निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस में कहा था कि भाजपा चाहे तो गठबंधन से अलग कर दे। जिसके बाद सियासी घमासान मच गया था। इसके अगले ही दिन डॉ. संजय निषाद ने कहा कि भाजपा से गठबंधन अटूट है। कैबिनेट मंत्री ने बुधवार को एनेक्सी भवन में मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के बाद मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि विपक्ष के फर्जी पीडीए को हम लोगों ने दिल्ली में पीडीए के असली बुलडोजर से तोड़ दिया।
निषाद पार्टी, अपना दल, राजभर, आरएलडी सब मिलकर भाजपा के साथ चट्टान की तरह खड़े है। उन्होंने कहा कि भाजपा में बैठे कुछ नेता किसके इशारे पर काम कर रहे है। भाजपा को पूछना चाहिए कि वे क्यों ऐसा बोल रहे है? जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जय निषाद राज बोल रहे हैं।
संजय ने कहा कि मछुआ समाज के लिए डबल इंजन सरकार में करोड़ों रुपये की योजनाएं बनी हैं। निषाद पार्टी अपने समाज को रोजगार का अवसर दे रही है। हमारा सरकार के खिलाफ कोई बयान नहीं है। यह बयान भाजपा में बैठे उन छुटभैये नेताओं के लिए है, जो दूसरे दलों के सिंबल पर चुनाव लड़ चुके हैं। बिहार में चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि निषाद पार्टी को बिहार चुनाव में सीट नहीं चाहिए। हमारे समाज को आरक्षण चाहिए, जो वादा सरकार ने किया है।




साइन इन