Lucknow's drains are clogged roads are in bad condition, BJP MLA himself raised the question, demanded action from Yogi मंत्री अरविंद शर्मा के विभाग की शिकायत लेकर योगी के पास पहुंचे भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

मंत्री अरविंद शर्मा के विभाग की शिकायत लेकर योगी के पास पहुंचे भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह

लखनऊ की सरोजनी नगर सीट से भाजपा विधायक ने ही अब राजधानी की नालियों को जाम और सड़कों को खस्ताहाल बताते हुए सवाल उठा दिया है। कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा के विभाग की शिकायत लेकर सीएम योगी से मुलाकात की है और तत्काल समीक्षा की मांग कर दी है।

Wed, 27 Aug 2025 04:34 PMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
मंत्री अरविंद शर्मा के विभाग की शिकायत लेकर योगी के पास पहुंचे भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह

ईडी अफसर से भाजपा नेता और फिर सरोजनी नगर से विधायक बने राजेश्वर सिंह ने लखनऊ की जाम नालियों और खस्ताहाल सड़कों का मामला सीएम योगी आदित्यनाथ के पास उठाकर भाजपा शासित लखनऊ नगर निगम के साथ ही नगर विकास विभाग के काम की समीक्षा की मांग की है। राजेश्वर ने बुधवार को योगी से मुलाकात की है। भाजपा विधायक का दो पन्ने का पत्र भी सामने आया है, जिसमें उन्होंने आईएएस से नेता और मंत्री बने अरविंद शर्मा के विभाग के जिम्मेदार अफसरों पर कार्यवाही की मांग की है। नगर विकास के साथ ही ऊर्जा विभाग भी संभाल रहे अरविंद शर्मा ने जुलाई में कहा था कि बिजली विभाग ने उन्हें बदनाम करने की सुपारी ले ली है।

राजेश्वर सिंह ने पत्र में लिखा है कि लखनऊ नगर निगम एवं नगर विकास विभाग की लापरवाही के कारण राजधानी के नागरिक इन दिनों भारी जलभराव, टूटी-फूटी सड़कों और जाम हुईं नालियों से त्रस्त हैं। हाल की तेज बारिश ने एक बार फिर इन विभागों की अक्षमता को उजागर कर दिया है। हर वर्ष करोड़ों रुपए सड़क मरम्मत, नालियों की सफाई और ड्रेनेज सुधार के नाम पर खर्च होते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि सामान्य बारिश में ही कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो जाते हैं। जनता को आवागमन में भारी कठिनाई, बीमारियों का खतरा और शहरी ढांचे को गंभीर नुकसान झेलना पड़ रहा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:वाराणसी-प्रयागराज में गंगा विकराल, काशी में श्मशान घाटों पर शवदाह के लिए इंतजार

जवाबदेही तय कर दंडात्मक कार्यवाही हो

आगे भाजपा विधायक ने लिखा कि ऐसे में लखनऊ नगर निगम और नगर विकास विभाग की कार्यप्रणाली की तत्काल समीक्षा कराई जाए। एक उच्च स्तरीय मॉनिटरिंग समिति गठित की जाए, जो नालों की सफाई, सड़क मरम्मत व ड्रेनेज सुधार कार्य की गुणवत्ता और समय-सीमा पर निगरानी रखे। जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए और लापरवाही पर दंडात्मक कार्यवाही हो। लखनऊ के लिए दीर्घकालिक बाढ़ प्रबंधन योजना बने, जिसमें आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीक, जीआईएस मैपिंग, और वर्षा-जल निकासी का वैज्ञानिक आकलन शामिल हो। समीक्षा समिति में स्वतंत्र तकनीकी विशेषज्ञों (सिविल इंजीनियर, शहरी योजनाकार, जल प्रबंधन विशेषज्ञ) को भी शामिल किया जाए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अफसरों ने बदमान करने की सुपारी ले ली है, अपने विभाग पर बरसे मंत्री एके शर्मा

विधायक ने कहा कि लखनऊ उत्तर प्रदेश की राजधानी है और यहां की स्थिति पूरे राज्य की छवि का प्रतिनिधित्व करती है। हर वर्ष बारिश में जलमग्न सड़कें और परेशान जनता राजधानी की गरिमा को आघात पहुंचाती हैं। ऐसे में नगर निगम और नगर विकास विभाग की कार्यप्रणाली की शीघ्र समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।

योगी के साथ मुलाकात की एक तस्वीर भी राजेश्वर सिंह ने एक्स पर पोस्ट की है। इसके साथ भी लिखा कि लखनऊ के विभिन्न क्षेत्रों में बरसात के समय उत्पन्न होने वाली जलभराव की समस्या, नालों के अवरोध एवं सड़कों पर गड्ढों की स्थिति आदि के सम्बन्ध में नगर निगम और नगर विकास विभाग आदि की कार्यप्रणाली पर व्यापक समीक्षा कराकर ठोस कार्यवाही सुनिश्चित कराए जाने का सीएम योगी से अनुरोध किया है।

इसके अतिरिक्त निर्माणाधीन लखनऊ-कानपुर Elevated Highway के निर्माण की गति को और तेज कराने और निर्माण के दौरान स्थानीय निवासियों को होने वाली समस्याओं के प्रभावी समाधान कराने के लिए भी अनुरोध किया। कहा कि एनसीआर की तर्ज पर State Capital Region (SCR) निश्चित ही लखनऊ सहित समीपवर्ती 6 जनपदों में विकास के स्वर्णिम आयाम स्थापित करेगा। इस दृष्टि से SCR Board की बैठक जल्द कराने का अनुरोध भी किया।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।