17 मई से शुरू होगा पुरुषोत्तम मास, भक्ति-आराधना से मिलेगा पुण्य
Sambhal News - - भगवान विष्णु को समर्पित रहेगा पूरा माह, जप-तप, दान और सेवा कार्यों का बढ़ेगा महत्व

सनातन धर्म में विशेष धार्मिक महत्व रखने वाला पुरुषोत्तम मास (अधिक मास) इस वर्ष 17 मई से प्रारंभ होकर 15 जून तक चलेगा। यह पवित्र मास भगवान श्रीहरि विष्णु की आराधना को समर्पित माना जाता है और धर्मग्रंथों में इसे जप, तप, दान, पूजा और आत्मशुद्धि के लिए अत्यंत पुण्यदायी बताया गया है। ज्योतिषाचार्य पंडित शोभित शास्त्री ने बताया कि पुरुषोत्तम मास में किए गए धार्मिक अनुष्ठानों का फल सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक प्राप्त होता है। इस दौरान भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना, श्रीमद्भागवत कथा श्रवण, विष्णु सहस्रनाम पाठ, तुलसी पूजन, गौ सेवा और जरूरतमंदों को दान देना विशेष शुभ माना गया है।
उन्होंने बताया कि ॐ नमो भगवते वासुदेवाय मंत्र का जाप, गीता पाठ, एकादशी व्रत, दीपदान और अन्नदान इस माह में अत्यंत फलदायी माने जाते हैं। श्रद्धालु पूरे महीने धार्मिक साधना और सेवा कार्यों के माध्यम से आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पुरुषोत्तम मास का शुभारंभ ब्रह्म मुहूर्त और अनुकूल ग्रह स्थिति में हो रहा है। इस कारण यह समय ग्रह दोष शांति और मानसिक शुद्धि के लिए भी विशेष प्रभावशाली रहेगा। इस अवधि में विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन और अन्य मांगलिक कार्य सामान्यतः नहीं किए जाते। उन्होंने श्रद्धालुओं से इस दुर्लभ मास का सदुपयोग कर धर्म और सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन