शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं और योजनाओं की दी जानकारी
Sambhal News - केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में संभल में जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विभागों ने स्टॉल प्रस्तुत किए, जहां लोगों को योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी मिली। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की योजनाओं को आम जनता के बीच पहुंचाना और उन्हें उनकी अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को विकासखंड संभल परिसर में जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से आमजन को केंद्र और राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया, जहां लोगों की स्वास्थ्य जांच, परामर्श और आवश्यक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाते हुए चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।
इसके अलावा कृषि विभाग, विकास विभाग और अन्य विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर किसानों, महिलाओं और युवाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, अनुदान, रोजगार एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और लोगों को उनके अधिकारों एवं सुविधाओं के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख पति कुलदीप चाहल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल, जिला विकास अधिकारी, बीडीओ प्रेमपाल सिंह, सहायक विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन