sambhal wedding drama two brides in mandap groom refused panchayat सात फेरों से पहले मंडप में दो दुल्हनों की एंट्री, दिनभर चली पंचायत, रात में लौटी बारात, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

सात फेरों से पहले मंडप में दो दुल्हनों की एंट्री, दिनभर चली पंचायत, रात में लौटी बारात

संभल के देऊपुरा गांव में बुधवार को एक शादी समारोह तब चर्चा का विषय बन गया जब सात फेरों के समय मंडप में एक साथ दो दुल्हनें आकर बैठ गईं। इस नजारे को देख दूल्हा भड़क गया और उसने केवल तय युवती से ही शादी करने की शर्त रखी। 

Thu, 7 May 2026 06:04 AMYogesh Yadav गवां/रजपुरा (संभल) संवाददाता
share
सात फेरों से पहले मंडप में दो दुल्हनों की एंट्री, दिनभर चली पंचायत, रात में लौटी बारात

यूपी के संभल में क्षेत्र के देऊपुरा गांव में बुधवार को शादी के मंडप में अजब ही नजारा देखने को मिला। शादी की सारी रस्में पूरी हो चुकी थीं, बस सात फेरे बाकी थे... लेकिन तभी दुल्हन की जगह एक साथ दो युवतियां बैठ गईं। यह नजारा देख बाराती हैरान रह गए और दूल्हा बिफर गया। उसने दो टूक कह दिया.... फेरे लूंगा तो एक से ही, दूसरी से मेरा कोई लेना-देना नहीं। मामला थाने की दहलीज तक जा पहुंचा, जहां दिनभर की जद्दोजहद के बाद आखिरकार 'एक' ही दुल्हन की विदाई तय हो सकी।

देऊपुरा गांव में विवाह समारोह का माहौल था। बारात चढ़ चुकी थी और खान-पान के बाद हिंदू रीति-रिवाज से फेरों की तैयारी चल रही थी। जैसे ही अग्नि प्रज्वलित हुई और मंत्रोच्चार शुरू हुआ, अचानक मंडप में एक के बजाय दो युवतियां आकर बैठ गईं। इस अप्रत्याशित घटना से खुशी का माहौल सन्नाटे और फिर शोर-शराबे में बदल गया। किसी को समझ नहीं आ रहा था कि एक ही मंडप में दो युवतियों के बैठने का कारण क्या है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जिम में पॉवर के नाम पर नशीली ड्रिंक, रेप कर बनाया वीडियो, शिकंजे में सगे भाई

अचानक पैदा हुए इस हालात में दूल्हे ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया। उसने दूसरी युवती के साथ रस्में निभाने से साफ इनकार करते हुए मंडप छोड़ने की बात कही। इस पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ी कि गांव के जिम्मेदार लोगों को बीच-बचाव करना पड़ा, लेकिन जब बात नहीं बनी तो मामला रजपुरा थाने जा पहुँचा।

दिनभर चली थाने में पंचायत

थाने में घंटों तक गहमागहमी बनी रही। एक ओर दूल्हा पक्ष अपनी जिद पर अड़ा था, तो दूसरी ओर इस स्थिति के पीछे के कारणों को लेकर चर्चाएं होती रहीं। पुलिस की मौजूदगी में गांव के संभ्रांत लोगों और दोनों पक्षों के बीच लंबी पंचायत चली। पुलिस ने भी कानूनी पेचीदगियों को देखते हुए दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर सुलह का रास्ता निकालने का प्रयास किया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:एक शिकायत, सात विवेचक, रामगंगा में दफन लॉ छात्रा की हत्या का तीन साल बाद खुलासा
ये भी पढ़ें:प्रेमिका के चक्कर में मारा गया संगीत सोम का करीबी प्रापर्टी डीलर, चार की तलाश

रात में हुई एक ही दुल्हन की विदाई

काफी जद्दोजहद और आपसी सहमति के बाद देर शाम विवाद सुलझा। समझौते के तहत यह तय हुआ कि दूल्हा केवल उसी युवती से विवाह करेगा, जिससे उसका रिश्ता तय हुआ था। दूसरी युवती को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया गया। इसके बाद गांव में दोबारा विधि-विधान से रस्में शुरू हुईं और देर रात एक ही दुल्हन की विदाई के साथ बारात वापस लौटी। घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में दिनभर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।