संभल में कबाड़ी से वसूली करने के मामले में पूरी SOG सस्पेंड, एसपी ने लिया एक्शन
संभल में कबाड़ी को हिरासत में लेकर रुपये ऐंठने के आरोप में एसपी ने एसओजी प्रभारी मोहित चौधरी और उनकी पूरी टीम को सस्पेंड कर दिया है। इनमें प्रभारी के अलावा टीम के छह अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

संभल में कबाड़ी को हिरासत में लेकर रुपये ऐंठने के आरोप में रविवार को एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने एसओजी प्रभारी मोहित चौधरी और उनकी पूरी टीम को सस्पेंड कर दिया है। इनमें प्रभारी के अलावा टीम के छह अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। सीओ की जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई।
एसओजी टीम ने 2 फरवरी को मोहल्ला लाडम सराय से बिलारी (मुरादाबाद) के रहने वाले एक कबाड़ी को ई-कचरे के साथ पकड़ा था। आरोप है कि टीम ने उसे दो दिन तक हिरासत में रखा और 30 हजार रुपये लेकर छोड़ा। इसके बाद कबाड़ी से जब्त किया गया ई-कचरा वापस करने के नाम पर 40 हजार रुपये और मांगे। परेशान कबाड़ी ने मामले की शिकायत एसपी से की। एसपी ने सीओ संभल आलोक भाटी को जांच सौंपी। रविवार को सीओ ने रिपोर्ट पेश की, जिसमें एसओजी टीम पर लगे आरोप सही पाए गए। रिपोर्ट मिलते ही एसपी ने प्रभारी मोहित चौधरी समेत पूरी टीम को सस्पेंड कर दिया।
इस मामले में कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि कबाड़ी की शिकायत पर सीओ आलोक भाटी से जांच कराई और आरोप सही पाए जाने पर एसओजी प्रभारी मोहित चौधरी व पूरी टीम को सस्पेंड कर दिया है। अब प्रकरण की जांच एएसपी उत्तरी कुलदीप सिंह को दी गई है।
लापरवाही पर एसपी केके विश्नोई ने इन्हें किया था सस्पेंड
जनवरी 2026 में जन सुनवाई के दौरान शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर थाना रायसत्ती प्रभारी बोबिंद्र कुमार को निलंबित किया गया। आमजन की शिकायतों को गंभीरता से न लेने को एसपी ने बेहद गंभीर माना और तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की। इसके अलावा फरवरी 2025 में बीमा माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई में ढिलाई बरतने के मामले में इंस्पेक्टर वेद प्रकाश को भी सस्पेंड किया गया था।
इस कदम से स्पष्ट संदेश दिया गया कि संगठित अपराध और भ्रष्ट तंत्र के खिलाफ किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से पुलिस महकमे में जवाबदेही बढ़ी है और साफ संकेत मिल रहा है कि जिले में लापरवाही या उदासीनता पर अब सीधे निलंबन की कार्रवाई तय है।
अगस्त महीने में भी एसपी ने लिया था एक्शन
लापरवाही और अनुशासनहीनता पर सख्त रुख अपनाने के लिए पहचाने जाने वाले एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने अगस्त माह में सीओ की रिपोर्ट पर पूरी सरायतरीन चोकी को लाइन हाजिर कर दिया था। अब यह गाज संभल एसओजी पर गिरी है।
एसपी की यह सख्ती पहली बार नहीं है। इससे पहले 8 अगस्त 2025 को भी उन्होंने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरायतरीन पुलिस चौकी के पूरे स्टाफ को लाइन हाजिर कर दिया था। यह कदम भी सीओ आलोक भाटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर उठाया गया था, जिसमें संबंधित पुलिस कर्मियों का आचरण आमजन की भावनाओं के विपरीत पाया गया था। उस समय की गई कार्रवाई में चौकी प्रभारी सुधीर कुमार के साथ हेड कांस्टेबल तेज सिंह, विकास चौधरी और कांस्टेबल विश्वास चौधरी, मोहित तोमर, अक्षय पुंडीर, अरुण कुमार चौधरी, हिमांशु चौधरी व रितेंद्र चौधरी को सस्पेंड किया गया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई जिले में अनुशासन और जवाबदेही को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई के पक्ष में नहीं हैं। पुलिस विभाग में अब संदेश स्पष्ट है कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




साइन इन