बकरीद पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: डीएम
Saharanpur News - सहारनपुर जिला प्रशासन और पुलिस ने ईद-उल-अजहा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए अलर्ट मोड में आ गए हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और कानून व्यवस्था पर चर्चा की गई। डीएम ने निर्देश दिए कि नमाज केवल ईदगाह और मस्जिदों में अदा की जाए और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर रोक रहेगी।

सहारनपुर, संवाददाता। आगामी ईद-उल-अजहा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित शांति समिति एवं कानून व्यवस्था की बैठक में जिला मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने अधिकारियों, धर्मगुरुओं और जनप्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने को लेकर रणनीति तय की गई। डीएम ने स्पष्ट कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीएम अरविंद चौहान ने निर्देश दिए कि ईद की नमाज केवल ईदगाह, मस्जिद और मदरसों के परिसरों में ही अदा की जाए तथा सार्वजनिक स्थलों पर नमाज न पढ़ी जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी नई परंपरा की शुरुआत नहीं होनी चाहिए। डीएम ने पशु मंडियों में ओवर रेटिंग रोकने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित दरें फ्लेक्सी बोर्ड पर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जाएं। उन्होंने प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश भी दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने कहा कि पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिले में पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था रहेगी। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा तथा लगातार गश्त और निगरानी रखी जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन