Rumors sparked riot in Mathura truck driver dies after Farsa Wale Baba death 13 arrested मथुरा में अफवाहों से भड़का था बवाल; 'फरसा वाले बाबा' के बाद ट्रक ड्राइवर की मौत, 13 लोग गिरफ्तार, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

मथुरा में अफवाहों से भड़का था बवाल; 'फरसा वाले बाबा' के बाद ट्रक ड्राइवर की मौत, 13 लोग गिरफ्तार

मथुरा बवाल पर पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि अफवाहों के चलते छाता थाना क्षेत्र में लोगों ने नेशनल हाईवे को जाम कर दिया और पुलिस पर पथराव भी किया। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने सख्ती बरतते हुए उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

Sun, 22 March 2026 11:18 AMsandeep लाइव हिन्दुस्तान, मथुरा
share
मथुरा में अफवाहों से भड़का था बवाल; 'फरसा वाले बाबा' के बाद ट्रक ड्राइवर की मौत, 13 लोग गिरफ्तार

मथुरा के कोसीकला थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात हुए सड़क हादसे ने पूरे इलाके में तनाव पैदा कर दिया। इस हादसे में गौरक्षक चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल ट्रक चालक ने भी बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, यह हादसा घने कोहरे के कारण हुआ। कोहरे की वजह से दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें फरसा बाबा की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने मृतक के साथी की तहरीर पर दुर्घटना का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बाहरी तत्वों ने फैलायी अफवाह, 13 गिरफ्तार

हालांकि, घटना के बाद कुछ असामाजिक और बाहरी तत्वों ने इसे गौतस्करी से जोड़ते हुए अफवाह फैलानी शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला तूल पकड़ गया और क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। अफवाहों के चलते छाता थाना क्षेत्र में लोगों ने नेशनल हाईवे को जाम कर दिया और पुलिस पर पथराव भी किया। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने सख्ती बरतते हुए उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। छाता थाना क्षेत्र में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया और अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:कौन थे 'फरसा वाले बाबा'? जिनकी मौत पर मथुरा में मच गया बवाल, हाईवे हो गया जाम
ये भी पढ़ें:फरसा वाले बाबा को कोहरे के कारण ट्रक ने मारी थी टक्कर: मथुरा एसएसपी

दक्ष चौधरी समेत उसके साथी गिरफ्तार

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मथुरा के बाहर का रहने वाला दक्ष चौधरी अपने तीन साथियों के साथ फरसा बाबा के आश्रम पहुंचा था और वहां अफवाह फैलाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने उसे और उसके साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने स्पष्ट किया है कि यह पूरी घटना एक सामान्य सड़क दुर्घटना थी और इसे किसी अन्य एंगल से जोड़ना पूरी तरह गलत है।

उन्होंने कहा कि हादसे में ट्रक चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसकी बाद में मौत हो गई। इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सेक्टर स्कीम लागू कर दी है। पुलिस और मजिस्ट्रेट लगातार गश्त कर रहे हैं। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अपुष्ट खबरों पर ध्यान न दें और अफवाह फैलाने से बचें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।