सीजन का सबसे गर्म दिन रहा गुरुवार, लू के थपेड़ों से लोग बेहाल
Rampur News - सूरज की तेज गर्मी से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। गुरुवार को तापमान 41 डिग्री तक पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन है। सीएमओ ने लू से सतर्क रहने की सलाह दी है और पानी की कमी से बचने के लिए ठंडे पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है।

सूरज के तल्ख तेवर से गर्मी का सितम बढ़ता जा रहा है। तीन दिन से चिलचिलाती धूप और गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। लू के थपेड़े जनजीवन को झुलसा रहे हैं। गुरुवार को जिले का पारा 41 डिग्री तक पहुंच गया और यह इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। दोपहर में बाजारों और व्यस्त रहने वाली सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। वैसे तो गर्मी अप्रैल के पहले हफ्ते से ही शुरू हो गई थी, लेकिन पिछले तीन-चार दिन से गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री था, जो गुरुवार को एक डिग्री बढ़कर 41 पहुंच गया।
न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सुबह से ही कड़ी धूप होने से लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया। दस बजे के बाद तो लोग घरों में कैद रहने को विवश हैं। जरूरी काम से बाहर निकले लोग गर्म हवाओं के थपेड़ों से बचने के लिए छांव तलाशते नजर आए। बाजारों में अचानक कूलर और एसी की डिमांड भी बढ़ गई है। अब लोग घरों में बिना एसी और कूलर के नहीं रह पा रहे हैं। पंखों की हवा अब लोगों को राहत नहीं दे पा रही है। गर्मी में लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।सीएमओ ने जारी की एडवाइजरी, लू से रहें सतर्करामपुर। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर दीपा सिंह ने जनपदवासियों को आगामी दिनों में बढ़ती गर्मी और संभावित हीटवेव/लू को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष हीटवेव की तीव्रता विगत वर्ष की अपेक्षा अधिक रहने की संभावना है, ऐसे में सभी को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि घर से बाहर निकलते समय छाता, टोपी या गमछा तथा पर्याप्त पानी अवश्य साथ रखें। हल्के रंग के, ढीले एवं सूती फुल आस्तीन कपड़े पहनें। बाहर कार्य करने वाले व्यक्ति समय-समय पर गीले कपड़े से चेहरा, सिर व गर्दन ढकते रहें। हल्का भोजन करें तथा खीरा, ककड़ी, तरबूज जैसे मौसमी फल-सब्जियों का अधिक सेवन करें।पानी की कमी से बचने के लिए लस्सी, छाछ का करें सेवनशरीर में पानी की कमी से बचाव के लिए लस्सी, छाछ, नींबू पानी, नमक-चीनी घोल, आम का पन्ना एवं गन्ने का रस जैसे तरल पदार्थों का सेवन बढ़ाएं। उन्होंने बताया कि हीटवेव के लक्षणों में घबराहट, चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी, मांसपेशियों में ऐंठन, तेज बुखार, पसीना न आना अथवा बेहोशी शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत छांव में आराम करें, कपड़े ढीले करें, ठंडे पानी से शरीर को ठंडा करें और होश में होने पर पानी पिलाएं। आवश्यकता पड़ने पर 108 एम्बुलेंस सेवा का उपयोग करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन