मेरठ में गाड़ी रोकने पर भड़के राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी, पुलिस से नोंकझोंक; जानें फिर
राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी और पूर्व विधायक संगीत सोम की पुलिस से जमकर नोकझोंक हुई। वाजपेयी को तो पुलिस ने जाने की अनुमति दे दी, लेकिन संगीत सोम को 3 किलोमीटर का चक्कर लगाकर शोभित विवि जाना पड़ा। इसे लेकर संगीत सोम खासे नाराज दिखे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वागत के लिए शोभित विश्वविद्यालय हेलीपैड पर जाने को लेकर कार्यक्रम स्थल के पास राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी और पूर्व विधायक संगीत सोम की पुलिस से जमकर नोकझोंक हुई। वाजपेयी को तो पुलिस ने जाने की अनुमति दे दी, लेकिन संगीत सोम को तीन किलोमीटर का चक्कर लगाकर शोभित विवि जाना पड़ा। इसे लेकर संगीत सोम खासे नाराज दिखे। वैसे पुष्प वर्षा के मंच पर वह मुख्यमंत्री के साथ मुस्कुराते हुए नजर आए।
मुख्यमंत्री के शोभित विश्वविद्यालय पहुंचने से पहले राज्यसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ.लक्ष्मीकांत वाजपेयी निजी गाड़ी से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। पुलिस वालों ने कार्यक्रम स्थल के पास उनकी गाड़ी को रोक दिया। इस पर वाजपेयी नाराज हो गए। नोकझोंक के बीच उनकी गाड़ी को पुलिस वालों ने जाने दिया। इसके बाद भाजपा के फायर ब्रांड नेता और पूर्व विधायक संगीत सोम भी अपनी गाड़ी से वहां पहुंचे तो पुलिस वालों ने रोक दिया।
एडीएम सिटी ब्रजेश कुमार सिंह, एसपी ट्रैफिक राघवेन्द्र कुमार मिश्र उनसे निजी गाड़ी वहीं छोड़कर पुलिस की गाड़ी से हेलीपैड पर जाने का अनुरोध करने लगे। संगीत सोम ने कहा-वे जाएंगे तो अपनी गाड़ी से ही जाएंगे। इस पर सीएम की सुरक्षा का हवाला दिया गया। इसके बाद संगीत सोम करीब तीन किलोमीटर का चक्कर काटकर शोभित विश्वविद्यालय पहुंचे।
सांसद चंदन चौहान को अपनी गाड़ी छोड़ पुलिस की गाड़ी से जाना पड़ा
बिजनौर से रालोद सांसद चंदन चौहान भी अपनी गाड़ी से वहां पहुंचे। पुलिसकर्मी उन्हें पहचाने नहीं तो बैरिकेडिंग पर रोक दिया। साथ में चल रहे समर्थक ने बताया कि सांसद हैं। तब पैदल जाने के लिए कहा गया। सांसद गाड़ी से उतरकर बेरिकेडिंग पारकर जाने लगे। आगे एक पुलिस अधिकारी ने उन्हें पहचान लिया। तुरंत पुलिस की गाड़ी से उन्हें शोभित विवि पहुंचाया गया।




साइन इन