Raja Bhaiya s family is feuding on social media, now at odds with Bhanavi's son Shivraj pratap singh सोशल मीडिया पर झगड़ रहा राजा भैया का परिवार, अब भानवी की बेटे शिवराज से ठनी, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

सोशल मीडिया पर झगड़ रहा राजा भैया का परिवार, अब भानवी की बेटे शिवराज से ठनी

राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह और बेटे शिवराज प्रताप सिंह के बीच अब सोशल मीडिया पर ठन गई है। एक दूसरे पर हमले के लिए घर के अंदर  कभी बनाए गए वीडियो पर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सार्वजनिक किए जा रहे हैं। दूध का कर्ज और पूत कपूत की बातें याद दिलाई जा रही हैं।

Thu, 25 Sep 2025 04:33 PMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
सोशल मीडिया पर झगड़ रहा राजा भैया का परिवार, अब भानवी की बेटे शिवराज से ठनी

यूपी की कुंडा सीट से बाहुबली विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह का विवाद नए मोड़ पर पहुंच गया है। कोर्ट में लड़ी जा रही लड़ाई अब सोशल मीडिया पर लड़ी जाने लगी है। राजा भैया ने तो पूरे मामले पर कभी कोई बयान नहीं दिया लेकिन चचेरे भाई एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह जरूर पलटवार करते रहे। अब राजा भैया और भानवी सिंह के बेटे शिवराज प्रताप सिंह ने अपनी ही मां के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भानवी के वीडियो-फोटो से किए गए हमलों का जवाब बेटे शिवराज ने वीडियो और फोटो से ही दिया है। मां-बेटे में वार-पलटवार दूध के कर्ज, पूत-कपूत और ‘जूतेबाज़’ मां तक पहुंच गई है।

दरअसल कुछ समय पहले भानवी सिंह ने राजा भैया की शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय में जाकर की थी। इस पर गृह मंत्रालय ने यूपी सरकार से रिपोर्ट मांगी। कोई एक्शन नहीं होने पर भानवी सिंह ने पिछले हफ्ते सोशल मीडिया पर मोर्चा खोल दिया। घर के अंदर बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर डालते हुए राजा भैया पर कई संगीन आरोप लगा दिए। राजा भैया के खिलाफ इस तरह से वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही उनका बेटा शिवराज प्रताप सिंह पहली बार खुलकर सामने आ गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:फर्जी पोस्ट बहादुरी नहीं…, राजा भैया पर भानवी के आरोपों के बाद बेटा आया सामने

बेटे शिवराज प्रताप सिंह ने मां के आरोपों का सिलसिलेवार जवाब देने के साथ ही कई आरोप भी लगा दिए। कहा कि सभी लोग मां को रोक रहे थे इसके बाद भी उन्होंने घर छोड़ दिया। हमारे बाबा, आजी और परिवार के अन्य वरिष्ठ जनों ने भी कई प्रयास किया लेकिन हमारी मां ने किसी की बात नहीं सुनी। कोर्ट में उन्होंने कहीं 50 करोड़ रुपये तो कहीं उसके ऊपर से 100 करोड़ रुपये एक मुश्त मांगा है। इसके साथ ही 25 लाख रुपए प्रति माह अलग से मांग रही हैं।

बेटे के हमले से तिलमिलाई भानवी

अचानक बेटे की तरफ से हुए इस हमले से भानवी तिलमिला गईं। राजा भैया पर पहले से भी गंभीर आरोप लगाते हुए कई नए वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिए। इसके साथ ही बेटे का नाम लिए बगैर ही उसे भी जवाब दिया। भानवी ने कहा कि कुछ लोग मेरे घर छोड़ने की बात कर रहे हैं। मैं यही कहना चाहती हूँ कि मेरा कोई एक ऑडियो है क्या जिसमे मैंने किसी को गोली मारने की धमकी दी हो? लेकिन अभी इसका भी कोई संबंध उस अपराध से नहीं है जिसके सबूत मैंने दिए हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:भानवी ने दिया राजा भैया के खिलाफ 'सबूत'; अक्षय बोले- हथियारों की तस्वीरें एडिटेड

कहा कि मैंने स्वेच्छा से घर नहीं छोड़ा था, बल्कि अवैध रिश्तों के खिलाफ सच बोलने और प्रतिरोध करने के कारण मुझे गोली फिर से चलाने की धमकी दी गई और हमें घर से बाहर निकाला गया। वजह केवल एक ही थी, जो अब कई तस्वीरों से साफ तौर पर उजागर हो चुकी है। भानवी ने यह भी लिखा कि आज जिनसे (बेटे शिवराज प्रताप सिंह से) ट्वीट कराया जा रहा है उनकी मजबूरी समझती हूँ। कोई सड़क पर नहीं आना चाहता। इसलिए उनसे मुझे कोई शिकवा नहीं।

बेहूदगी की सारी हदें पार हो जाएं तो...

मां की तरफ से नए वीडियो और नए आरोपों के बाद एक बार फिर बुधवार को शिवराज प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए ही हमले किए। इस बार एक वीडियो भी पोस्ट किया। लिखा कि जब बेहूदगी की सारी हदें पार हो जायें तो जवाब देना तो बनता है। मां पर निशाना साधते हुए कहा कि इनकी करतूत का एक और नमूमा देखिये, मेरे नाना की चार बेटियां हैं और वे अपनी संपत्ति चारों में बराबर बांटना चाह रहे हैं, जो की उचित ही है, लोकिन ये नाना-नानी की पूरी संपत्ति अकेले हथियाना चाहती हैं, जिसे लेकर मुकदमे भी चल रहे हैं, लेकिन सिर्फ मुकदमों से हमारी मम्मा का मन नहीं भरता है, इसलिए कई बार ये हिंसक होकर उन पर हमला भी कर चुकी हैं। इसके अलावा भी कई आरोप लगा दिए।

भानवी ने नए वीडियो पोस्ट किए

शिवराज प्रताप सिंह के पोस्ट को रीट्वीट करते हुए भानवी ने अब सीधे बेटे को संबोधित करते हुए हमला किया। लिखा कि मुझे यह भरोसा नहीं हो रहा है कि वाकई में मेरा कोई बेटा “कपूत” भी हो सकता है। इसके साथ ही नए वीडियो जारी करते हुए लिखा कि मुझे मजबूरी में वह वीडियो जारी करना पड़ रहा है जिसमें मुझे पीटने का सच तुम्हारे नाना और मेरे पिता जी बयान कर रहे हैं।

कहा कि मुझे पता है बेटा तुम्हारी मजबूरी। तुम्हें सारा सच पता है। तुम भी मेरे साथ सड़क पर जाने को मजबूर किए गए थे। रात में मुझे तुम सभी बच्चों के साथ घर से बाहर सोना पड़ा था। मुझे उम्मीद है तुम्हें सद्बुद्धि भी आएगी और सोचोगे कि तुम्हारी मां के साथ क्या किया गया था और मां ने कितनी प्रताड़ना झेली है। किस मजबूरी में मां ने मुंह खोला। फिर भी तुम बेटा अपने करियर के लिए और सुख सुविधाओं के लिए जो भी कर रहे हो उससे मुझे एतराज नहीं। मैं चाहती हूं दुनिया की सारी खुशी तुम्हें मिले। बस तुम्हें दुनिया मेरा नालायक बेटा न कहे।

एक बार देखो और फिर हो सके तो एक बार और लिखना। बेटा मैं मजबूर हूँ! जवाब तो देना ही पड़ेगा। और हां अंत में फिर दोहरा रही हूं मेरे चरित्र हनन से कुछ नहीं होगा। मार पिटाई के मैनिपुलेटेड वीडियो तुम्हारे पापा की मदद नहीं कर पायेंगे।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।