Questions raised over MoU with Puch AI, Yogi says agreement will be cancelled if company lacks capability यूपी और पुच एआई के MoU पर सवाल, योगी ने कहा- क्षमता नहीं तो कंपनी से करार रद्द होगा, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी और पुच एआई के MoU पर सवाल, योगी ने कहा- क्षमता नहीं तो कंपनी से करार रद्द होगा

UP Govt Puch AI MoU: पुच एआई से एमओयू पर सवाल उठने के बाद सीएम योगी ने कहा है कि कंपनी की क्षमता नहीं होगी तो करार रद्द होगा। शर्तों को पूरा न करने वाले किसी भी संभावित निवेशक का समझौता ज्ञापन स्वतः रद्द हो जाएगा।

Tue, 24 March 2026 08:49 PMDeep Pandey लखनऊ, हिन्दुस्तान
share
यूपी और पुच एआई के MoU पर सवाल, योगी ने कहा- क्षमता नहीं तो कंपनी से करार रद्द होगा

UP Govt Puch AI MoU: उत्तर प्रदेश में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) को बढ़ावा देने के लिए पुच एआई और इन्वेस्ट यूपी के बीच एआई पार्क की स्थापना के लिए हुए एमओयू पर सवाल उठने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि कंपनी की क्षमता नहीं तो करार रद्द होगा। योगी ने अपने एक्स अकाउंट पर कहा कि इन्वेस्ट यूपी द्वारा हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन विस्तृत जांच-पड़ताल और परियोजना मूल्यांकन से पहले का प्रारंभिक कदम है। शर्तों को पूरा न करने वाले किसी भी संभावित निवेशक का समझौता ज्ञापन स्वतः ही रद्द कर दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश पारदर्शी, जिम्मेदार और भविष्योन्मुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

पुच एआई ने इन्वेस्ट यूपी के साथ प्रदेश में एआई पार्कों के विकास के लिए 25 हजार करोड़ रुपये निवेश का एमओयू किया है। सोशल मीडिया पर पुच एआई की हैसियत व अनुभव को लेकर सवाल उठाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि पुच एआई के साथ हुआ एमओयू इन्वेस्ट यूपी द्वारा एआई क्षेत्र में संभावनाओं का पता लगाने की प्रक्रिया की शुरुआत है। एमओयू राज्य सरकार पर बाध्यकारी नहीं हैं। इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरन आनन्द का कहना है कि पुच एआई से प्रक्रिया के तहत डीपीआर, बिजनेस प्लान समेत अन्य विवरण मांगे गए हैं। दस्तावेजों के मूल्यांकन व जांच के बाद ही निवेश प्रस्तावों में आगे की प्रक्रिया अपनाई जाती है। अभी कोई अप्रूवल नहीं हुआ है।

पुच एआई के को-फाउंडर ने कहा- हमारा टर्नओवर पब्लिक नहीं है, गूगल पूछो एआई का हिसाब बता रहा

कंपनी के को-फाउंडर सिद्धार्थ भाटिया ने भी इस विवाद पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखकर अपनी सफाई दी है। उन्होंन अपने पोस्ट में कहा है कि वो सरकार से कोई पैसा नहीं ले रहे हैं। उन्होंने कंपनी का टर्नओवर 50 लाख से कम होने का खंडन किया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि गूगल ने किसी दूसरी कंपनी पूछो एआई के टर्नओवर को उनका बताया है, जिसका नाम पुच एआई से मिलता-जुलता है। उन्होंने कहा कि उनकी कंपनी का टर्नओवर सार्वजनिक नहीं हुआ है। उन्होंने अपनी कंपनी और यूपी में एआई को किस तरह पुच एआई लोगों के बीच ले जाना चाहती है, इसको लेकर सवाल-जवाब के रूप में अपनी बात रखी है।

योगी आदित्यनाथ ने सिंगल विंडो सिस्टम निवेश मित्र 3.0 का शुभारंभ किया

आपको बता दें कि लोक भवन में आयोजित समारोह में योगी आदित्यनाथ ने सिंगल विंडो सिस्टम निवेश मित्र 3.0 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर 45 कंपनियों को 2,781.12 करोड़ रुपये प्रोत्साहन राशि वितरित करने के साथ ही 62 कंपनियों को लेटर आफ कंफर्ट (एलओसी) प्रदान किए। इनसे प्रदेश में 50 हजार करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है और 50 हजार युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। एलिजिबिलिटी सर्टिफिकेट के आधार पर आईटी एवं इलेक्ट्रानिक्स विभाग की चार परियोजनाओं को 73 करोड़ रुपये और फूड प्रोसेसिंग की 10 परियोजनाओं को 20 करोड़ रुपये का प्रोत्साहन दिया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:योगी कैबिनेट में 58 जिलों को लेकर बड़ा फैसला, स्मार्ट होंगे और ये सुविधाएं भी

निवेशक पहले प्रदेश आने से हिचकते थे, आज वही यहां निवेश के लिए आगे आ रहे

मुख्यमंत्री ने समारोह में कहा कि बीते नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने पारदर्शी नीतियों, सख्त कानून-व्यवस्था, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और उद्योग-अनुकूल माहौल के जरिए अपनी पहचान को पूरी तरह बदला है। यूपी न केवल निवेशकों के लिए सुरक्षित गंतव्य बना है, बल्कि यहां उन्हें स्केलेबल बिजनेस के लिए अनुकूल इकोसिस्टम, विशाल उपभोक्ता बाजार, कुशल युवा मानव संसाधन और सीमलेस कनेक्टिविटी जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं एक साथ उपलब्ध हो रही हैं। यही कारण है कि जो निवेशक पहले प्रदेश आने से हिचकते थे, आज वही यहां निवेश के लिए आगे आ रहे हैं और उत्तर प्रदेश को देश के प्रमुख औद्योगिक एवं आर्थिक केंद्र के रूप में स्थापित कर रहे हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:झूठ बोलकर दरोगा भर्ती परीक्षा देने गई 3 महिलाओं समेत 23 सिपाही सस्पेंड
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।