झांसी में एक साथ 23 सिपाही सस्पेंड, झूठ बोलकर छुट्टी लेने के आरोप में एसएसपी का ऐक्शन
उत्तर प्रदेश में झूठ बोलकर दरोगा भर्ती परीक्षा देने गए 3 महिलाओं समेत 23 सिपाही सस्पेंड कर दिए गए हैं। यह कार्रवाई आंतरिक जांच के दौरान पाई गई अनुशासनहीनता पर की गई। एक साथ इतने बड़े एक्शन ने पूरे महकमे में खलबली मचा दी है।

UP News: झांसी में 23 सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया गया है। एक साथ इतनी बड़ी कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई बीमारी का बहाना बनाकर छुट्टी लेने के बाद दरोगा भर्ती की परीक्षा देने पर की गई है। हालांकि एसएसपी का कहना है कि यह कार्रवाई गलत तरीके से छुट्टी लेने पर जरूर की गई है पर इसका दरोगा भर्ती परीक्षा से कोई लेना देना नहीं है।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि एक ही समय में कई सिपाहियों के एक साथ छुट्टी लेने पर जांच कराई गई थी। इसमें पता चला कि 23 सिपाहियों ने बीमारी का बहाना बनाकर अवकाश लिया है। झूठ बोलकर गलत तरीके से छुट्टी लेने पर अनुशासनहीनता मानते हुए इन्हें सस्पेंड कर दिया गया है। इसके साथ ही विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं। जिन 23 सिपाहियों को सस्पेंड किया गया है इनमें तीन महिलाएं हैं। बता दें कि ये सभी 14-15 मार्च को हुई दरोगा भर्ती की परीक्षा के दौरान छुट्टी पर थे। ऐसे में चर्चा है कि इन्होंने परीक्षा देने के लिए ही झूठ बोलकर छुट्टी ली थी। छुट्टी के बाद सिपाहियों ने अपने-अपने थानों में आमद भी दर्ज करा ली थी।
इन थानों में तैनात सिपाहियों पर कार्रवाई
एसएसपी ने प्रभाव से बाजार थाने में तैनात दुर्गेश सिंह, आशीष कुमार, रूप सिंह अभियोजन, श्याम सुंदर, राहुल कुमार गुरसरांय, अनुपम शुक्ला पूंछ, विकास कुमार बरुआसागर, जीतू यादव सदर बाजार, सिनोज कुमार पुलिस लाइन, लवकुश पुलिस लाइन, अनीशा राजपूत पूंछ, खुशबू शर्मा नवाबाद, बलवीर सिंह पुलिस लाइन, लव शर्मा पुलिस लाइन, नवल सिंह प्रेमनगर, प्रमोद सिंह डायल-112, रवि कुमार सकरार, सत्यम मिश्रा बड़ागांव, सुरजीत सिंह पुलिस लाइन, स्वाति चौहान सीपरी बाजार, राजेंद्र कुमार टहरौली, सुशीला कुमारी सिपाही बड़ागांव हैं।
परीक्षा निपटते ही दर्ज कराई आमद
झांसी के विभिन्न थानों में तैनात तीन महिलाओं समेत 23 सिपाहियों ने 14 व 15 मार्च को दरोगा की सीधी भर्ती परीक्षा में शिरकत की। इसके बाद उन्होंने अपने तैनाती थानों में आमद दर्ज कराई। खास बात रही कि बीमारी बताने के चलते उनकी छुट्टी मंजूर कर ली गई।
अब तक नहीं हुई इतनी बड़ी कार्रवाई
झांसी के विभिन्न थानों में तैनात 23 सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया गया है। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने इन सभी के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। वहीं दूसरी तरफ सूत्रों की मानें तो विभाग द्वारा इतनी बड़ी कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। एक्शन के बाद से पूरे महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि किसी भी तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 23 सिपाहियों को इस तरह से छुट्टी पर जाने पर कार्रवाई की गई। विभाग में छुट्टी के लिए प्रारूप है। उसके आधार अर्जी देनी चाहिए। गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की गई। इनके विरुद्ध विभागीय जांच भी कराई जा रही है।




साइन इन