जनता जानती है, कौन हैं माफिया पालने वाले लोग, गोरखपुर में सीएम योगी का सपा सरकार पर हमला
सीएम योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती सपा सरकार का नाम लिए बिना माफिया से संबंध को लेकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पहचान पर संकट खड़ा करने वाले माफिया को पालने वाले कौन लोग हैं, इसे जनता जानती है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती सपा सरकार का नाम लिए बिना माफिया से संबंध को लेकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पहचान पर संकट खड़ा करने वाले माफिया को पालने वाले कौन लोग हैं, इसे जनता जानती है। आरोप-प्रत्यारोप लगाने वालों की माफिया के साथ फोटो टेलीविजन पर दिखाई दे रही है। ये वही लोग हैं जिन्होंने हर जिले में माफिया पालकर प्रदेश में वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया दिया था।
सीएम योगी, शुक्रवार शाम को 137.830 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित गोरखनाथ रेल ओवरब्रिज का लोकार्पण करने के बाद यहां उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने भाजपा की डबल इंजन सरकार में विरासत, विकास और जन कल्याण के कार्यों का उल्लेख करने के साथ पूर्व की सरकार को विकास की बजाय माफिया को बढ़ावा देने वाला बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व की सरकार में बैठे लोगों ने विकास के पैसे का बंदरबाट किया। परिवार का खजाना भरने के चक्कर में प्रदेश का खजाना खाली कर दिया। सीएम ने कहा कि जो लोग परिवार तक सीमित हों, उनसे विकास की उम्मीद नहीं की जा सकती। 2017 के पहले उत्तर प्रदेश में यही होता था।
माफिया से मुक्त हो चुका है गोरखपुर
योगी ने कहा कि गोरखपुर अब माफिया, मच्छर, बीमारी से मुक्त हो चुका है। इंसेफेलाइटिस की समस्या का समाधान कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पहले लखनऊ जाने के लिए वाया अयोध्या ही एक मार्ग था, अब लिंक एक्सप्रेसवे से भी लखनऊ जाने में काफी आसानी हो गई है। वाराणसी जाने के लिए पहले टूलेन की सड़क थी, अब वह फोरलेन हो चुकी है।
प्रदेश के सभी महानगरों का विकास कर रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर की तरह ही सरकार प्रदेश के सभी महानगरों का विकास कर रही है। उन्होंने कहा कि जो अयोध्या जर्जर और वीरान थी, अब वह विकास के पैमाने पर चमक कर त्रेतायुग का एहसास कर रही है। काशी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों की काशी बनकर देश आध्यात्मिक राजधानी बन दुनिया भर के लोगों को लुभा रही है। गंगा, यमुना, सरस्वती की त्रिवेणी का प्रयागराज इंफ्रास्ट्रक्चर की नई आभा से चमक रहा है। महाकुंभ में वहां 66 करोड़ श्रद्धालु आए। इतनी बड़ी आबादी दुनिया में सिर्फ दो देश भारत और चीन के पास है। जो भी गया, यूपी का गुणगान करके गया।
वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया की बजाय अब वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व की सरकार में जहां वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया का बोलबाला था, वहीं डबल इंजन सरकार ने वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज दिया। उन्होंने कहा कि पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश में सिर्फ गोरखपुर का बीआरडी मेडिकल कॉलेज था जबकि आज कुशीनगर, देवरिया, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बलरामपुर, बहराइच, गोंडा, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, आजमगढ़, गाजीपुर, अमेठी, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली में मेडिकल कॉलेज हैं। बलिया में भी सरकार मेडिकल कॉलेज देने जा रही है।




साइन इन