प्रापर्टी डीलर ने लखनऊ में बिल्डर की कराई हत्या, पांच लाख की दी सुपारी, ड्राइवर समेत गिरफ्तार
लखनऊ में सनसनीखेज तरीके से बिल्डर संदीप सिंह की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एक प्रापर्टी डीलर ने बिल्डर की हत्या कराई है। इसके लिए ड्राइवर के जरिए शूटरों को पांच लाख की सुपारी दी गई थी। पुलिस ने प्रापर्टी डीलर और उसके ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। शूटरों की तलाश हो रही है।

लखनऊ में बिल्डर संदीप सिंह की हत्याकांड का रविवार रात एसटीएफ ने खुलासा कर दिया। एसटीएफ और पीजीआई पुलिस की संयुक्त टीम ने हत्या के साजिश कर्ता प्रापर्टी डीलर दिनेश यादव और उसके ड्राइवर मुकर्रबीन उर्फ मुबीन को गिरफ्तार कर लिया। संदीप मूल रूप से जौनपुर जनपद के सिकरारा के टिकारी गांव के रहने वाले थे। संदीप की दिनदहाड़े तीन गोलियां मारकर उनके ही ऑफिस के सामने हत्या कर दी गई थी। हत्या का सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हुआ था।
एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह के मुताबिक गिरफ्तार हत्यारोपियों से पूछताछ में पता चला कि दिनेश ने प्रापर्टी की रंजिश के चलते संदीप की हत्या की साजिश रची थी। उसने अपने ड्राइवर मुबीन के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। इसके लिए मुबीन को पांच लाख रुपये में सुपारी दी थी।
मुबीन ने शूटरों को तैयार किया। फिर साजिश के तहत बुधवार दोपहर दो शूटरों ने बिल्डर संदीप सिंह की हत्या कर दी। एएसपी दीपक सिंह के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी दिनेश यादव मूल रूप से अंबेडकर नगर के आलापुर इलाके के गोहिला गांव का रहने वाला है। यहां काकोरी के समदा में रहता है। मुबीन अंबेडकर नगर के अलीगंज आशोपुर का है।
एएसबी ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए पुलिस के साथ ही एसटीएफ की टीम लगाई गई थी। तफ्तीश में पता चला कि वारदात में दिनेश और मुबीन के शामिल होने की जानकारी मिली। लोकेशन के आधार पर मुबीन को डलौना सर्विस लेन अंडर पास के पकड़ा गया। पूछताछ में उसने दिनेश के बारे में जानकारी दी। फिर उसे पकड़ा गया। पूछताछ में हत्याकांड का खुलासा हुआ। अब शूटरों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस ने फिलहाल बाइक की नंबर प्लेट, 3300 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
हत्या के लिए अमीनाबाद से खरीदी गई थी पुरानी बाइक
मुबीन ने पुलिस को बताया कि वह दिनेश के यहां 2016 से ड्राइवर है। हत्या के लिए अमीनाबाद से वारदात से दो दिन पहले पुरानी बाइक खरीदी गई थी। उसकी नंबर प्लेट हटाकर शूटरों को दे दी गई। शूटरों ने उसी बाइक से हत्याकांड को अंजाम दिया था।
बकरीद पर दोनों चले गए थे घर, तब कराई वारदात
इंस्पेक्टर पीजीआई धीरेंद्र सिंह ने बताया कि दिनेश और मुबीन ने शूटरों से तय किया था कि वह बकरीद के एक दिन पहले बिल्डर संदीप की हत्या करें। हत्या से पहले ही दोनों अपने घर आंबेडकर नगर चले गए थे, ताकि उनकी लोकेशन लखनऊ में न मिले। सोची समझी साजिश के तहत दिनेश ने हत्या कराई।
पांच महीने पूर्व हुआ विवाद बना हत्या की वजह
पांच माह पूर्व दिसंबर में जमीन कब्जे को लेकर संदीप और दिनेश के बीच हुआ विवाद हत्या की वजह बना। संदीप सिंह ने 29 दिसंबर को काकोरी थाने में जमीन कब्जे को लेकर कुछ लोगों से विवाद हुआ था। संदीप ने काकोरी थाने में प्रापर्टी डीलर दिनेश यादव के अलावा चंद्र कुमार, शिवपाल और मनीष के खिलाफ बाउंड्रीवाल तोड़ने, मारपीट, जमीन पर कब्जा समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था।




साइन इन