3 मिनट हुई कहासुनी, CCTV बंद कर मार दी गोली; प्रयागराज में प्रॉपर्टी डीलर का मर्डर
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि शाम लगभग चार बजे अजहरुद्दीन बाइक से आता है और ऑफिस के अंदर प्रवेश करता है। कैमरे में ऑफिस में घुसते ही गाली गलौज और मारपीट की आवाज सुनाई देने लगती है। इसी बीच किसी की नजर वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में पड़ती है। इसके बाद हत्यारे वहां से कैमरा बंद करके भाग जाते हैं।

प्रयागराज के नैनी के मड़ौका इलाके में रविवार शाम रुपये के लेनदेन के विवाद में प्रॉपर्टी डीलर अजहरुद्दीन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पहले से प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में मौजूद हत्यारों ने बकायदा सीसीटीवी कैमरे को बंद कर वारदात को अंजाम दिया। सूचना पर पुलिस अधिकारियों समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं घटना के कुछ देर बाद एक हत्यारोपी के अतरसुइया थाने में पहुंचकर सरेंडर करने की बात भी कही जा रही है, हालांकि पुलिस ने इससे इनकार किया है। नैनी के महेवा पूरब पट्टी इलाके में रहने वाला 38 वर्षीय अजहरुद्दीन पुत्र बदरुद्दीन दो बहन और दो भाइयों में छोटा था।
प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या
अजहरुद्दीन क्षेत्र की ही रहने वाले अरविंद भारतीय और बृजेश कुमार निषाद समेत अन्य लोगों के साथ प्रॉपर्टी का काम करता था। रविवार शाम लगभग चार बजे अजहरुद्दीन मड़ौका स्थित अरविंद के ऑफिस अपनी बाइक से पहुंचा था। पुलिस के मुताबिक वहां अरविंद, बृजेश एवं अन्य लोग पहले से मौजूद थे। वहां कहासुनी के बाद अजहरुद्दीन की दाहिनी कनपटी में सटाकर गोली मार दी गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद कातिल वैगनआर कार से फरार हो गए।
कातिलों की तलाश में दबिश
वारदात के बाद मौके पर पहुंचे एडिशनल सीपी अजय पाल शर्मा, डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव और एसीपी करछना समेत अन्य टीम ने मौके पर घंटों पूछताछ कर जानकारी जुटाई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक हत्या करने वालों में अजरुद्दीन के पार्टनर ही हैं। कातिलों की तलाश में पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।
3 मिनट हुई कहासुनी, मारपीट के बाद मारी गोली
प्रॉपर्टी डीलर की हत्या उसके पार्टनर अरविंद के ऑफिस में की गई। ऑफिस के अंदर एक और बाहर चार सीसीटीवी कैमरे हैं। पुलिस ने कैमरों की फुटेज कब्जे में ली। फुटेज में साफ दिख रहा है कि शाम लगभग चार बजे अजहरुद्दीन बाइक से आता है और ऑफिस के अंदर प्रवेश करता है। कैमरे में ऑफिस में घुसते ही गाली गलौज और मारपीट की आवाज सुनाई देने लगती है। इसी बीच किसी की नजर वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में पड़ती है। इसके बाद हत्यारे वहां से कैमरा बंद करके भाग जाते हैं।
वीडियो देखते ही एक्शन में पुलिस, 4 हत्यारोपियों के घरों पर दबिश
प्रॉपर्टी डीलर अजहरुद्दीन की हत्या के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी हत्या के कारणों को ही तलाशने में जुटे थे कि उधर बृजेश समेत चारों हत्यारोपी वैगनआर कार को अरविंद के घर खड़ी कर दूसरे साथी की कार से अतरसुइया थाना हत्या के एक घंटे के भीतर पहुंच गए। सरेंडर करने का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो पुलिस तक भी पहुंचा। पुलिस ने तुरंत हत्यारोपी अरविंद के ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से वायरल वीडियो का मिलान किया और हत्या की गुत्थी सुलझ गई। चारों के घर पुलिस की टीमें दबिश देने लगीं।
हत्या में इस्तेमाल वैगन आर कार भी बरामद
पुलिस को अरविंद के घर से हत्या करके फरार होते समय इस्तेमाल की गई अधिवक्ता लिखी वैगन आर कार बरामद हुई। वहीं बृजेश कुमार निषाद के घर पुलिस दबिश देने गई तो गेट पर ताला बंद था। घर के बाहर बोर्ड पर बृजेश कुमार निषाद, अधिवक्ता हाईकोर्ट लिखा था। पुलिस के अनुसार, जांच में पता चला है कि हत्या में शामिल दो अधिवक्ता हैं। डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने बताया कि मृतक प्रॉपर्टी का काम करता था, उसके पार्टनर पर ही हत्या का आरोप है, कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। मौके पर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दिखाई दी कार भी पकड़ ली गई है, जल्द सभी आरोपित गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।




साइन इन