लखनऊ बिल्डर हत्या में प्रॉपर्टी डीलर पर शिकंजा, मर्सिडीज समेत चार लग्जरी कारें जब्त, शूटरों की तलाश
लखनई में दिनदहाड़े बिल्डर संदीप सिंह की हत्या में पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर दिनेश यादव की गिरफ्तारी के बाद उस पर शिकंजा कस दिया है। उसकी मर्सिडीज फार्च्यूनर समेत चार लग्जरी कारें जब्त कर ली हैं। दिनेश खुद को सपा नेता बताता था और कार पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समाजवादी लोहिया वाहिनी लिखवाया था।

लखनऊ में रायबरेली रोड कल्ली पश्चिम पुलिस चौकी के पास हुई बिल्डर संदीप सिंह की हत्या में पुलिस ने हत्याकांड के सूत्रधार सपा नेता दिनेश यादव पर शिकंजा और कस गया है। पुलिस ने उसकी मर्सिडीज, फार्च्यूनर समेत चार लग्जरी कारें भी जब्त कर ली हैं। सोमवार को ड्राइवर मुबीन के साथ ही उसे जेल भेज दिया गया। उसने अपनी सफारी गाड़ी में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समाजवादी लोहिया वाहिनी लिखा रखा था। अब एसटीएफ और पुलिस की टीमें शूटरों की तलाश में दबिश दे रही हैं। चार टीमों ने पूर्वांचल में डेरा डाल रखा है। अधिकारियों ने जल्द ही शूटरों की गिरफ्तारी का दावा किया है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद के मुताबिक दिनेश ने रंजिश और प्रापर्टी विवाद के चलते हत्या की साजिश रची थी। दिनेश यहां काकोरी इलाके के समदा गांव में रहता था। उसके समदा स्थित घर से फार्च्यूनर, मर्सिडीज, रेनो काइगर और टाटा सफारी पीजीआई पुलिस ने जब्त कर ली है। चारों कार थाने में लाकर खड़ी करा ली गई है। इसके अलावा दोनों के पास से 3300 रुपये, दो मोबाइल फोन, फर्जी नंबर प्लेट बरामद की गई थी।
रविवार को पीजीआई पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने दिनेश यादव और उसके ड्राइवर मुकर्रबीन उर्फ मुबीन को गिरफ्तार किया था। दोनों से पूछताछ हुई तो बताया था कि दिनेश से बीते दिसंबर माह में संदीप का प्लाट कब्जे को लेकर विवाद हुआ था। दिनेश के खिलाफ संदीप ने कई मुकदमे दर्ज कराए थे। एक मुकदमा दिसंबर माह में काकोरी थाने में दिनेश समेत चार लोगों के खिलाफ दर्ज कराया था।
उन्हीं मुकदमों को लेकर रंजिश चल रही थी। रंजिश के चलते दिनेश ने हत्या की साजिश रची थी। उसने अपने ड्राइवर मुबीन आंबेडकर नगर जनपद अलीगंज के आशोपुर का रहने वाला है। दिनेश ने मुबीन के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। उसे पांच लाख रुपये की सुपारी दी थी।
मुबीन ने ही दो शूटर की व्यवस्था की थी। तय प्लान के तहत बुधवार को दोनों शूटर संदीप के आफिस के पास पहुंचे। संदीप की कार रुकी। बाइक से उतरे शूटरों ने ताबड़तोड़ तीन गोलियां मार कर संदीप की हत्या कर दी। इसके बाद किसानपथ के रास्ते भाग निकले थे। संदीप मूल रूप से जौनपुर सिकरारा इलाके के टिकारी गांव के रहने वाले थे।
दिनेश के खिलाफ दर्ज हैं नौ अपराधिक मुकदमे
दिनेश के खिलाफ धोखाधड़ी, मारपीट धमकी और कूट रचित दस्तावेज तैयार करने समेत अन्य धाराओं में नौ मुकदमे दर्ज हैं। मुकदमे अंबेडकरनगर जनपद के आलापुर, कृष्णानगर, आशियाना, काकोरी, वजीरगंज समेत अन्य थानों में दर्ज हैं। दिनेश अपराधिक प्रवृत्ति का है।
चार बार की थी रेकी
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि शूटरों ने चार बार संदीप के घर से आफिस के रूट की रेकी की थी। वह कितने बजे आफिस जाने के लिए निकलता है? कितने बजे पहुंचता है? किस रास्ते से जाता है? इन सभी बिंदुओं पर उसने पूरी तरह से खाका तैयार किया था। इसके बाद पूरा प्लान तैयार कर हत्या की थी।




साइन इन