प्रेमानंद से मिलीं राष्ट्रपति मुर्मू, वृंदावन के राधा केलि कुंज आश्रम में महाराज से लिया आशीर्वाद
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वृंदावन प्रवास के दौरान संत प्रेमानंद महाराज से भेंट कर आशीर्वाद लिया। इससे पहले उन्होंने इस्कॉन और प्रेम मंदिर में दर्शन-पूजन किया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने ब्रज प्रवास के दूसरे दिन शुक्रवार को वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने पहुंचीं। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच राष्ट्रपति ने 'श्रीहित राधा केलि कुंज आश्रम' में महाराज श्री से भेंट की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस आध्यात्मिक मिलन ने न केवल ब्रजवासियों बल्कि देशभर के श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा है।
एकांतिक वार्तालाप और अध्यात्म पर चर्चा
राष्ट्रपति का काफिला शुक्रवार सुबह करीब 7:45 बजे प्रेमानंद महाराज के आश्रम पर पहुंचा। राष्ट्रपति यहां करीब आधे घंटे रहीं। आश्रम पहुंचने पर प्रेमानंद महाराज के शिष्यों और परिकरों ने राष्ट्रपति का भव्य एवं पारंपरिक स्वागत किया। इसके बाद राष्ट्रपति मुर्मू और पूज्य महाराज के बीच एकांतिक वार्तालाप हुआ। सूत्रों के अनुसार, इस भेंट के दौरान मुख्य रूप से अध्यात्म, निस्वार्थ सेवा और जनकल्याण जैसे गहन विषयों पर चर्चा की गई। राष्ट्रपति ने महाराज के सरल जीवन और उनके ओजस्वी आध्यात्मिक उपदेशों के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त की। भेंट के दौरान आश्रम का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और शांत नजर आया।
नीब करौरी बाबा आश्रम भी पहुंचीं, हनुमान मंदिर में की विशेष पूजा-अर्चना
राष्ट्रपति मुर्मु उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल के साथ विश्व प्रसिद्ध श्री नीब करौरी बाबा आश्रम के दर्शन भी किए और हनुमान जी के चरणों में मत्था टेका। राष्ट्रपति का काफिला रेडिशन होटल से जब आश्रम के देवी मंदिर मार्ग से पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद राधाकृष्ण पाठक, देवेन्द्र कुमार शर्मा और ग्रुप कैप्टन (से.नि.) संदीप भटेले ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद राष्ट्रपति और राज्यपाल सीधे हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां मुख्य पुजारी रामरूप और टीसी शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई। राष्ट्रपति ने न केवल विधि-विधान से आरती की बल्कि मंदिर की परिक्रमा कर देश की सुख-समृद्धि की कामना भी की।
हनुमान मंदिर में दर्शन के पश्चात राष्ट्रपति बाबा नीब करौरी के समाधि स्थल पहुंचीं। यहां का वातावरण अत्यंत भावुक और भक्तिमय था। समाधि स्थल पर अभिषेक पुजारी और नरेंद्र मोहन अग्रवाल ने राष्ट्रपति को बाबा की फोटो, पटुका और बाबा का प्रिय ‘कंबल’ भेंट कर आशीर्वाद स्वरूप प्रदान किया। राष्ट्रपति ने यहां भी परिक्रमा कर अपनी गहरी आस्था प्रकट की।
दर्शन के बाद राष्ट्रपति ने महाराज जी की उस पावन कुटिया के दर्शन किए जहां बाबा प्रवास किया करते थे। इसके बाद उन्होंने आश्रम स्थित संग्रहालय का भी भ्रमण किया। डॉ. अनुराग पाठक ने उन्हें आश्रम के गौरवशाली इतिहास और बाबा के जीवन से जुड़ी स्मृतियों का विस्तृत विवरण दिया। राष्ट्रपति ने प्रत्येक वस्तु का बारीकी से अवलोकन किया।
इस दौरान प्रदेश के कैबिनेट मंत्री (गन्ना विकास एवं चीनी मिलें) लक्ष्मी नारायण चौधरी और जनपद के प्रभारी मंत्री (स्वतंत्र प्रभार, बेसिक शिक्षा) संदीप सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे। सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजामों के बीच राष्ट्रपति की इस यात्रा ने समूचे वृंदावन को भक्ति के उल्लास से भर दिया।
इस्कॉन मंदिर में दर्शन और समाधि स्थल की परिक्रमा
इससे पहले, राष्ट्रपति ने गुरुवार को विश्व प्रसिद्ध इस्कॉन मंदिर (श्री कृष्ण बलराम मंदिर) से की थी। भारी बारिश के बावजूद राष्ट्रपति ने पूरे भक्ति भाव के साथ मंदिर में दर्शन किए। उनके साथ उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहीं। मंदिर प्रशासन के पंचगौड़ा दास और अन्य वरिष्ठ सदस्यों ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति ने इस्कॉन के संस्थापक श्रील प्रभुपाद महाराज के समाधि स्थल के दर्शन कर परिक्रमा की और वैदिक मंत्रों के बीच भगवान की आरती उतारी। मंदिर की बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत नृत्य और संकीर्तन ने राष्ट्रपति को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रेम मंदिर में लेजर शो और संकीर्तन
राष्ट्रपति 'प्रेम मंदिर' भी गई थीं। यहां मंदिर के पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ उनका स्वागत किया और श्री राधा-कृष्ण के युगल विग्रह के विशेष दर्शन कराए। राष्ट्रपति ने मंदिर परिसर में आयोजित भव्य लेजर शो का भी अवलोकन किया। दर्शन के दौरान संकीर्तन मंडली के 51 आश्रमवासियों द्वारा गाई गई आरती और भजनों ने माहौल को दिव्य बना दिया। मंदिर प्रशासन की ओर से महामहिम को आध्यात्मिक ग्रंथ और स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
राष्ट्रपति का यह दौरा पूरी तरह आध्यात्मिकता और शांति के संदेश से ओतप्रोत रहा। खराब मौसम और तेज बारिश के बावजूद उनकी श्रद्धा में कोई कमी नहीं दिखी, जिसकी ब्रज के संतों ने सराहना की है।




साइन इन