अयोध्या में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का ऐसे होगा स्वागत, सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री योगी ने अयोध्या में श्रीरामलला व हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया।, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। राष्ट्रपति र्मु के आगमन के दौरान सुरक्षा में कोई चूक न होने का निर्देश दिए। सांस्कृतिक कार्यक्रम व स्वस्ति वाचन के साथ शंखनाद से स्वागत कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को अयोध्या पहुंचे। दर्शन-पूजन के उपरांत मुख्यमंत्री योगी ने राष्ट्रपति मुर्मु के कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी ली और उनके भ्रमण के स्थानों के साथ सभास्थल का भी भौतिक सत्यापन किया। पुनः उन्होंने तीर्थ क्षेत्र पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के अलावा अफसरों के साथ संयुक्त बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था एवं स्वागत की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री योगी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कोताही न बरतने की हिदायत दी। इसके अलावा पूरी भव्यता के साथ राष्ट्रपति का स्वागत की तैयारी का भी निर्देश दिया। इसी तरह से 19 मार्च से ही शुरू होने वाले चैत्र रामनवमी मेला के दौरान यहां आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को भीषण गर्मी के मौसम में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने का भी निर्देश दिया।
उन्होंने सबसे पहले हनुमानगढ़ी पहुंच कर आराध्य का दर्शन-पूजन किया और प्रदेश की सुख-शांति की कामना की। इसके बाद सीएम योगी ने श्रीराम जन्मभूमि जाकर श्री रामलला के चरणों में शीश झुकाया। इस दौरान श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र महासचिव चंपतराय ने उन्हें मंदिर निर्माण के प्रगति की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री का आगमन निर्धारित समय से 10 मिनट पहले पूर्वाह्न ठीक 10 बजे हुआ और दस मिनट पहले ही वह 11.50 बजे मुख्यमंत्री रामकथा पार्क के हेलीपैड से लखनऊ प्रस्थान कर गए। इसके पूर्व सरयू अतिथि गृह में मुख्यमंत्री योगी से जगद्गुरु राम दिनेशाचार्य व हनुमानगढ़ी के अर्पित दास ने व्यक्तिगत भेंट की। वहीं हनुमानगढ़ी में महंत धर्मदास, वरिष्ठ पुजारी राजू दास, हेमंत दास व महंत बलराम दास सहित अन्य ने उनकी अगवानी की।
स्वच्छता, सुरक्षा और स्वागत को लेकर निर्देश
समीक्षा बैठक के बाद जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी ने वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान स्वच्छता, सुरक्षा और स्वागत को लेकर निर्देशित किया है, जिससे अच्छा संदेश जाए। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति का मुख्य कार्यक्रम राम मंदिर में ही है जहां वह पूर्वाह्न 11 बजे पहुंचेगी और अपराह्न तीन बजे वापस लौटेंगी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति के आगमन के समय राम पथ पर सांस्कृतिक दल के माध्यम से कार्यक्रम के अलावा वेद मंत्रोच्चार के साथ शंख ध्वनि भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि रामनवमी मेला को लेकर भी मुख्यमंत्री ने बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने और यातायात व्यवस्था के प्रति विशेष ध्यान आकृष्ट कराया है।
पूरे क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरे व ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी
एसएसपी डा. गौरव ग्रोवर ने बताया कि वीवीआईपी मूवमेंट व रामनवमी मेला की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से सुदृढ़ रहेंगी और पूरे क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरे व ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी। नगर विधायक वेदप्रकाश गुप्ता ने बताया मुख्यमंत्री द्वारा सभी जनप्रतिनिधियों को भी व्यवस्था में सहयोग की जिम्मेदारी सौंपी है। महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने राम पथ पर मदिरा की दुकानों को हटाने के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है।




साइन इन