पेपरलीक पर फूटा आक्रोश, एनटीए का फूंका पुतला
Prayagraj News - प्रयागराज में छात्र संगठनों ने नीट-यूजी परीक्षा रद्द करने पर आक्रोश व्यक्त किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने एनटीए के खिलाफ प्रदर्शन किया और पेपरलीक को प्रशासनिक विफलता बताया। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने भी एनटीए और भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया, दोषियों पर कार्रवाई और एनटीए को समाप्त करने की मांग की।
प्रयागराज, मुख्य संवाददाता। पेपरलीक के बाद नीट-यूजी परीक्षा रद्द करने पर छात्र संगठनों का आक्रोश गुरुवार को फूट पड़ा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद प्रयाग महानगर ने परीक्षा प्रक्रिया में लगातार हो रही अनियमितताओं तथा विद्यार्थियों के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ के खिलाफ कटरा चौराहे पर प्रदर्शन कर एनटीए का पुतला फूंका। वक्ताओं ने कहा कि नीट-यूजी जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपरलीक केवल प्रशासनिक विफलता नहीं बल्कि पूरी परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न है। महानगर मंत्री प्रतीक मिश्रा ‘सूरज’ और मीडिया संयोजक आयुष विश्वकर्मा ने कहा कि लापरवाही से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य दांव पर लगा है। दोषियों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए परीक्षा प्रणाली में सुधार किया जाए।
प्रदर्शन करने वालों में अमन, अभिनव, राहुल, अंबुज, सौरव, कुंजन, ऋषि, आशुतोष आदि शामिल रहे।
वहीं दूसरी ओर इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रसंघ भवन पर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) ने नीट-यूजी पेपरलीक को लेकर एनटीए और भाजपा सरकार के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया। मांग की कि एनटीए जैसी भ्रष्ट संस्था को ख़त्म किया जाए, परीक्षा लीक की घटनाओं में शामिल सभी दोषियों पर कार्रवाई हो और जिम्मेदारी लेते हुए धर्मेन्द्र प्रधान इस्तीफ़ा दें। राज्य सचिव शशांक, सोनाली और मानवेन्द्र ने कहा कि यूजीसी-नेट से नीट तक किसी भी परीक्षा में पारदर्शिता नहीं बची है। प्रदर्शन में आयुष, विपुल, किशन , शिवांशु, लेनिन, आदर्श, आदित्य, पल्लवी, साक्षी, अमन, मनीष, विश्वेंद्र, सुमित, शशिभूषण, शिल्पी आदि शामिल रहीं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन