varanasi lahartara cylinder blast house collapse brother sister dead up crime news प्रयागराज के बाद बनारस में विस्फोट; सिलेंडर फटने से घर ढहा, भाई-बहन की मौत, मां समेत दो जख्मी, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

प्रयागराज के बाद बनारस में विस्फोट; सिलेंडर फटने से घर ढहा, भाई-बहन की मौत, मां समेत दो जख्मी

वाराणसी के लहरतारा में मंगलवार सुबह रसोई गैस सिलेंडर फटने से एक मंजिला मकान जमींदोज हो गया। इस दर्दनाक हादसे में सगे भाई-बहन की मौत हो गई और उनकी माँ सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस और राहत दल मलबे को हटाने और जांच में जुटे हैं।

Tue, 24 March 2026 10:34 AMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
प्रयागराज के बाद बनारस में विस्फोट; सिलेंडर फटने से घर ढहा, भाई-बहन की मौत, मां समेत दो जख्मी

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में कोल्ड स्टोरेज में सोमवार को विस्फोट से दीवार गिरने और चार लोगों की मौत के बाद अब वाराणसी में धमाका हुआ है। मंगलवार सुबह वाराणसी के लहरतारा इलाके में एक जोरदार धमाके ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। रसोई गैस सिलेंडर फटने से एक मंजिला पक्का ढह गया। मलबे में दबने से सगे भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी मां सहित दो अन्य लोग मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

खाना बनाते समय हुआ भीषण धमाका

जानकारी के अनुसार, लहरतारा क्षेत्र में स्वर्गीय आद्या प्रसाद का परिवार रहता है। मंगलवार सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच जब रसोई में खाना बनाया जा रहा था, तभी अचानक गैस सिलेंडर में रिसाव के कारण जोरदार ब्लास्ट हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि मकान की छत और दीवारें ढह गईं और पूरा घर मलबे के ढेर में तब्दील हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहल गए और घरों से बाहर निकल आए।

मलबे में दबा पूरा परिवार

हादसे के वक्त घर के अंदर आद्या प्रसाद की पत्नी गिरिजा देवी, उनकी 28 वर्षीय बेटी प्रीति और 30 वर्षीय पुत्र ओम मौजूद थे। सिलेंडर फटने के साथ ही मकान का ढांचा इन लोगों पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और खुद भी बचाव कार्य में जुट गए।

कड़ी मशक्कत के बाद जब तक मलबे से लोगों को निकाला गया, तब तक भाई ओम और बहन प्रीति की सांसें थम चुकी थीं। मां गिरिजा देवी और एक अन्य सदस्य को गंभीर हालत में मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। जवान बच्चों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।

राहत और बचाव कार्य में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही मंडुवाडीह थाना प्रभारी अजय राज वर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। एहतियात के तौर पर आसपास के घरों को खाली करा लिया गया है और मलबे को हटाने के लिए जेसीबी की मदद ली जा रही है। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है ताकि विस्फोट के सटीक कारणों की जांच की जा सके।

आसपास के घरों की खिड़कियों के कांच चटके

स्थानीय निवासियों का कहना है कि धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों की खिड़कियों के कांच भी चटक गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता मलबे के नीचे दबे किसी अन्य संभावित व्यक्ति को खोजने की है। इलाके में भारी फोर्स तैनात कर दी गई है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।