प्रतीक-अपर्णा की 10 साल चली थी लव स्टोरी, मुलायम को किसने मनाया; किसने कराई दोनों की शादी?
कुछ समय पहले प्रतीक और अपर्णा के रिश्तों में खटास की बातें सामने आई थीं जिनपर खुद प्रतीक ने विराम लगा दिया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रतीक और अपर्णा के बीच शादी से पहले करीब 10 साल तक दोस्ती और फिर प्रेम रहा था। बताया जाता है कि पढ़ाई के दौरान ही प्रतीक की मुलाकात अपर्णा से हुई थी।

समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का बुधवार की सुबह लखनऊ में निधन हो गया। उनके निधन के बाद प्रतीक यादव से जुड़ी तमाम कहानियां लोगों के जेहन से निकलकर यूपी की फिजाओं में सुनी और सुनाई जा रही हैं। ऐसी ही एक कहानी प्रतीक यादव और अपर्णा यादव की मुलाकात, उनके बीच उपजे प्रेम और फिर 2011 में सैफई में बड़े धूमधाम से हुई उनकी शादी की है। कुछ समय पहले प्रतीक और अपर्णा के रिश्तों में खटास की बातें सामने आई थीं जिनपर खुद प्रतीक ने विराम लगा दिया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रतीक और अपर्णा के बीच शादी से पहले करीब 10 साल तक दोस्ती और फिर प्रेम रहा था।
प्रतीक यादव और अपर्णा यादव की शादी ने उत्तर प्रदेश में काफी सुर्खियां बटोरी थीं। दोनों की लव स्टोरी अरेंज्ड मैरिज में कैसे बदली, उनकी शादी के लिए मुलायम सिंह यादव को किसने मनाया और फिर कैसे यह हाईप्रोफाइल शादी सम्पन्न हुई इसे लेकर तब भी मीडियां में खूब सुर्खियां बनी थीं और अब प्रतीक के निधन के बाद एक बार फिर उनसे जुड़ी हर बात के साथ यह कहानी भी चर्चा में है।
प्रतीक-अपर्णा की लव स्टोरी
प्रतीक यादव, राजनीति की दुनिया से हमेशा दूर रहे लेकिन प्रदेश के सियासी गलियारों में उनका नाम जब-तब गूंजता रहा। प्रतीक यादव अपनी फिटनेस को लेकर काफी सतर्क रहते थे और एक शानदार लाइफ स्टाइल जीते थे। वह पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। साधना गुप्ता की पहली शादी चंद्रप्रकाश गुप्त के साथ हुई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक साधना और चंद्रप्रकाश की शादी चली नहीं। दोनों के बीच तलाक हो गया था। साधना गुप्ता अपने बेटे प्रतीक के साथ लखनऊ में रहने लगी थीं। प्रतीक की शुरुआती पढ़ाई लखनऊ में हुई थी। बताया जाता है कि पढ़ाई के दौरान ही प्रतीक की मुलाकात लखनऊ के वरिष्ठ पत्रकार रहे अरविंद कुमार बिष्ट की बेटी अपर्णा से हुई थी। हालांकि अपर्णा और प्रतीक अलग-अलग स्कूलों में पढ़ा करते थे। कुछ कॉमन दोस्तों और इंटर स्कूल फंक्शनों के चलते वे एक-दूसरे से मिले और फिर ये मुलाकातें दोस्ती में बदल गईं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 2001 में अपर्णा यादव अपनी एक दोस्त की बर्थडे पार्टी में गई थीं। वहां प्रतीक यादव भी आए हुए थे। अपर्णा को तब तक यह पता नहीं था कि प्रतीक यादव, पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के बेटे हैं। बर्थडे पार्टी खत्म होने के बाद प्रतीक यादव और अपर्णा की आपस में बात हुई और इसी दौरान प्रतीक ने उनसे उनका ई-मेल आईडी ले लिया।
ई-मेल पर किया था प्रपोज
यह वो दौर था जब मोबाइल फोन का चलन ज्यादा नहीं था। बताते हैं कि अपर्णा से ईमेल आईडी लेने के बाद प्रतीक यादव ने उन्हें कई मेल किए थे। एक दिन अपर्णा ने अपना ई-मेल चेक किया तो उन्हें मेल इनबॉक्स में पड़े प्रतीक के कई मेल दिखाई दिए। अपर्णा ने एक-एक कर सारे मेल पढ़े। इन्हीं में से एक मेल में अपर्णा के सामने प्रतीक यादव ने अपने दिल की बात का इजहार किया था। इसमें उन्होंने अपर्णा को प्रपोज किया था। इसके बाद प्रतीक और अपर्णा की मुलाकातें बढ़ गईं। दोनों की दोस्ती, प्रेम में बदल गई। करीब 10 साल तक यह लव स्टोरी चलती रही।
मुलायम सिंह कैसे हुए राजी?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 2004 में जब मुलायम सिंह यादव यूपी के मुख्यमंत्री थे तो अपर्णा के पिता को लखनऊ के हजरतगंज की गुलिस्तां कॉलोनी में सरकारी आवास मिला हुआ था। इसी दौरान प्रतीक और अपर्णा के बीच चल रही लव स्टोरी की जानकारी दोनों परिवारों को हुई। अपर्णा ने अपने पिता को शादी के लिए मना लिया था लेकिन पहले मुलायम तैयार नहीं थे। तब प्रतीक यादव ने अपनी मां का सहारा लिया। उन्होंने अपनी साधना गुप्ता से दिल की बात कही और उन्हें शादी के लिए मना लिया। बताते हैं कि साधना गुप्ता ने ही प्रतीक यादव और अपर्णा की शादी के लिए मुलायम सिंह यादव को तैयार किया। 2011 में बड़ी धूमधाम से सैफई में दोनों की शादी हुई। इस शादी में देश की कई बड़ी हस्तियां पहुंची थीं।
कुछ समय पहले सामने आया था विवाद
प्रतीक यादव और अपर्णा की लव मैरिज हुई थी। दोनों की शादी में सब कुछ ठीक चल रहा था। इस बीच दोनों की एक बेटी भी हुई। प्रतीक कभी राजनीति में नहीं आए लेकिन अपर्णा यादव ने पहले समाजवादी पार्टी फिर भाजपा ज्वाइन की। अपर्णा यादव ने यादव परिवार की सपा से अलग सियासी राह चुनी तो फिर परिवार के रिश्ते भी थोड़ा बदले। हालांकि महत्वपूर्ण मौकों पर परिवार एकजुट नजर आता रहा। इसी बीच पिछले दिनों प्रतीक यादव के इंस्टाग्राम अकाउंट से अपर्णा यादव के खिलाफ कुछ बातें पोस्ट हुईं जिन्हें लेकर दोनों के रिश्तों को लेकर तरह-तरह की कयासबाजियां होने लगीं। हालांकि बाद में प्रतीक ने खुद इन विवादों पर विराम लगा दिया था। उन्होंने अपर्णा के साथ अपनी फोटो शेयर कर लिखा था ‘आल इज वेल।’ इसके बाद सबको लगा था कि अब धीरे-धीरे सब सामान्य हो जाएगा लेकिन बुधवार को अचानक प्रतीक यादव के निधन की खबर आई तो सब सन्न रह गए।




साइन इन