Political demolition in Varanasi, Akhilesh Yadav lashes out at Yogi government over Dal Mandi बनारस में राजनीतिक डेमोलिशन, दालमंडी को लेकर योगी सरकार पर बरसे अखिलेश यादव, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

बनारस में राजनीतिक डेमोलिशन, दालमंडी को लेकर योगी सरकार पर बरसे अखिलेश यादव

वाराणसी के दालमंडी मेंं चौड़ीकरण को लेकर हो रही तोड़फोड़ को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव  ने राजनीतिक डेमोलिशन करार दिया है। उन्होंने कहा कि दालमंडी के बूथों से भाजपा को वोट नहींं मिलता इसलिए तोड़फोड़ हो रही है।

Fri, 21 Nov 2025 02:26 PMYogesh Yadav वाराणसी संवाददाता
share
बनारस में राजनीतिक डेमोलिशन, दालमंडी को लेकर योगी सरकार पर बरसे अखिलेश यादव

वाराणसी के दालमंडी में मकान तोड़े जाने और चोड़ीकरण परियोजना को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने इसे “राजनीतिक डेमोलिशन” करार देते हुए कहा कि दालमंडी में भाजपा कभी जीतती नहीं, इसलिए यहां बदले की भावना से तोड़फोड़ कराई जा रही है। बनारस के कई बूथों का प्रिंट दिखाते हुए अखिलेश ने कहा कि बूथ देखिए तो दालमंडी में कभी भाजपा को वोट नहीं मिले। यहां वोट नहीं मिलते इसलिए यहां तोड़फोड़ हो रही है।

अखिलेश ने कहा कि भाजपा वाले दूसरों को दुख-तकलीफ देने वाले लोग हैं। भाजपा को लोगों की दुकानें छीनने का अधिकार किसने दिया है। नकारात्मक सोच वाले कुदरत के फैसले से बच कर रहें। किसी दिन पूरी राजनीति उनकी ढह जाएगी। अखिलेश ने कहा कि लखनऊ में हमने देखा कि अकबरनगर को पूरा धराशायी कर दिया। लोग हाईकोर्ट, सुप्रीम कोर्ट गए लेकिन कुछ नहीं हुआ। कई लोगों के मकान दुकान को अवैध घोषित करके कुछ हासिल नहीं होने देंगे। भाजपा वाले नक्शा पास कराने की बात करते हैं। मुख्यमंत्री आवास का नक्शा पास है क्या?

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बॉडी प्रोटेक्टर पहनकर वाराणसी के दालमंडी में घुसे पुलिस अधिकारी, तोड़फोड़ शुरू

कहा कि इस सरकार ने अपनी जमीन अधिगृहित किया तो खूब मुआवजा लिया। मनचाहा मुआवजा लिया गया। इस बात को सदन में भी कहा था। जैसा मुआवजा आपने अपने जमीन का लिया, इन्हें भी वैसा ही मुआवजा दे दो। अखिलेश ने दावा किया कि सपा सरकार में बनारस के लिए मेट्रो का डीपीआर तैयार था। हमने लखनऊ-कानपुर में मेट्रो चला दी, अगर बनारस में यह लोग मेट्रो बना देते तो दालमंडी को तोड़ना नहीं पड़ता।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:योगी कैबिनेट की मंजूरी मिलते ही वाराणसी की दालमंडी में शुरू हो गई नाप-जोख

अधिकारियों को इशारों में चेताया

दालमंडी में तोड़फोड़ को अंजाम दे रहे अधिकारियों को इशारों में चेताते हुए कहा कि महाराजगंज को याद कीजिए, क्या हुआ था? सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि अधिकारियों से वसूली की जाए। यहां भी यही होगा, आज नहीं तो कल होगा। सब नोट हो रहा है। कुछ हमारे यहांं नोट हुआ है। कुछ कुदरत के पास नोट हो रहा है। कहा कि हम लोगों ने फैसला ले लिया, इनके लिए कुछ करेंंगे।

उन्होंने योगी सरकार को अभी तक की सबसे करप्ट सरकार बताया और कहा कि यह सरकार जाने वाली है। बिहार में जीतने की बात पर कहा कि जीतने से क्या होता है? सिकंदर भी जीतकर अमर नहीं हुआ था। आप लोगों को दुख-तकलीफ दे रहे हो, थाने बुला रहे हो। अखिलेश ने 2024 लोकसभा चुनाव का जिक्र कर कहा कि तब भी इनके साथ चुनाव आयोग था, फिर भी सपा जीती।

अखिलेश के साथ दालमंडी के कई दुकानदार भी मौजूद थे। उन लोगों ने भी आपबीती सुनाई। अखिलेश ने दुकानदारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। अखिलेश ने चेतावनी दी कि जनता अब जाग गई है और आने वाले समय में भाजपा को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। कहा कि अयोध्या में कारोबारियों और आम लोगों ने ही भाजपा को हराया था।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।