यूपी में जानलेवा बनी पुलिसवालों की थार, स्कूटी सवार रिटायर रजिस्ट्रार को रौंदा, सिपाही हिरासत में
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी कैंपस में शनिवार दोपहर को रिटायर असिस्टेंट रजिस्ट्रार बेकाबू थार की चपेट में आ गए। उनकी स्कूटी थार में फंस गई और वह करीब 20 मीटर तक घसीटती ले गई। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

Jhansi News: यूपी के झांसी में पुलिसवालों की थार एक व्यक्ति के लिए जानलेवा बन गई। बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी कैंपस में शनिवार दोपहर को रिटायर असिस्टेंट रजिस्ट्रार बेकाबू थार की चपेट में आ गए। उनकी स्कूटी थार में फंस गई और वह करीब 20 मीटर तक घसीटती ले गई। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि थार में चार पुलिसकर्मी सवार थे, जो हादसे के बाद गाड़ी छोड़कर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने थार कब्जे में ले ली है। एक सिपाही को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
एरच थाना क्षेत्र के गांव भदरवारा निवासी 70 वर्षीय रिटायर असिस्टेंट रजिस्ट्रार मनीराम वर्मा सपरिवार बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी कैंपस में रहते थे। उनके बेटे गिरीश कुमार ने बताया कि शनिवार दोपहर वह स्कूटी से घर का सामान लेने के लिए घर से निकले थे। अभी वे कैंपस में परीक्षा भवन के पास पहुंचे ही थे कि एक तेज रफ्तार थार ने उन्हें टक्कर मार दी। थार में चार वर्दीधारी पुलिसवाले सवार थे। टक्कर लगते ही पिता स्कूटी समेत गिर पड़े। थार उन्हें रौंदते हुए काफी दूर तक घसीट ले गई। शोर मचा तो लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े।
हादसे के बाद भागे पुलिसकर्मी
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि चारों पुलिस वाले गाड़ी से अपना सामान निकाल कर गर्ल्स हॉस्टल वाले रास्ते से भाग निकले। सुरक्षागार्ड और राहगीरों ने थार के पहिए के नीचे फंसे मनीराम वर्मा को निकाल कर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर रजिस्ट्रार ज्ञानेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट प्रमोद, सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। टक्कर मारने वाली थार को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है।
पौत्र ने देखा पर पहचान नहीं पाया
रिश्ते में मनीराम वर्मा के पौत्र आशीष को ललितपुर में होमगार्ड की परीक्षा देनी थी। उन्होंने बताया कि उधर से गुजरते वक्त उन्होंने देखा कि थार के पहिए के नीचे कोई दबा है। उसके पैर दिख रहे थे। लोग थार के नीचे से उन्हें निकालने की कोशिश कर रहे थे। कुछ देर बाद ही पिता का फोन आया कि दादा की हादसे में मौत हो गई है। बाद में पता चला कि जो दुर्घटनाग्रस्त थार मैंने देखी थी, उसके नीचे दबा शख्स कोई और नहीं मेरे दादा ही थे। रजिस्ट्रार ने बताया कि प्रबंधन ने सीसी टीवी फुटेज सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं। झांसी एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया, विश्वविद्यालय परिसर में थार से कुचलकर रिटायर असिस्टेंट रजिस्ट्रार की मौत हुई है। थार किसी अन्य की है, जबकि इसे सिपाही रजत चला रहा था। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने गाड़ी में चार सिपाही सवार होने की बात कही है। इसकी जांच की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन