पुलिस की शह पर चल रहा था सेक्स रैकेट; चौकी इंचार्ज सस्पेंड, रडार पर कानपुर के 18 होटल
कानपुर सेक्स रैकेट मामले में सीसामऊ चौकी इंचार्ज नितिन यादव को निलंबित कर दिया है। चौकी इंचार्ज पर आरोप है कि उन्हें सेक्स रैकेट संचालन की पूरी जानकारी थी लेकिन वह सूचना दबाए रहे। पुलिस आयुक्त के आदेश पर यह कार्रवाई की गई। एसआई के साथ ही कई और पुलिसकर्मियों के तार भी रैकेट से जुड़ रहे हैं।

कानपुर के कल्याणपुर में सेक्स रैकेट के खुलासे के दूसरे दिन पुलिस ने इस मामले में सीसामऊ चौकी इंचार्ज नितिन यादव को निलंबित कर दिया है। चौकी इंचार्ज पर आरोप है कि उन्हें सेक्स रैकेट संचालन की पूरी जानकारी थी लेकिन वह सूचना दबाए रहे। पुलिस आयुक्त के आदेश पर यह कार्रवाई की गई। एसआई के साथ ही कई और पुलिसकर्मियों के तार भी रैकेट से जुड़ रहे हैं। उधर, गिरफ्तार आरोपी रोहित वर्मा को पुलिस ने जेल भेज दिया है। उसके मोबाइल से मिले 18 होटलों की गोपनीय जांच भी कराई जा रही है।
सेक्स रैकेट का पर्दाफाश, रडार पर 18 होटल
पुलिस आयुक्त से तीन दिन पहले पश्चिम बंगाल की एक युवती ने बर्रा निवासी रोहित वर्मा पर अश्लील वीडियो बनाकर धमकाने और ब्लैकमेल कर जबरन देह व्यापार करवाने का आरोप लगाया था। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर इस मामले की जांच एसओजी प्रभारी आईपीएस सुमित सुधाकर रामटेके और एडीसीपी शिवा सिंह कर रहीं थीं। जांच में पुलिस ने पाया कि कथित पत्रकार रोहित वर्मा शहर में एक बड़े सेक्स रैकेट का संचालन कर रहा है। पश्चिम बंगाल, बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों से युवतियों और महिलाओं को लाकर शहर के बड़े होटलों में वैश्यावृत्ति कराता था। उसके मोबाइल की व्हाट्सऐप चैट में पुलिस को 18 होटलों की लिस्ट मिली है।
सेक्स रैकेट का सरगना रोहित वर्मा गिरफ्तार
इसमें होटल मैनेजर, कर्मचारी और संपर्क सूत्र के नंबर दर्ज हैं। इन लोगों से बातचीत और लड़कियों की फोटो भी मिली हैं। इस मामले में कल्याणपुर पुलिस ने सेक्स रैकेट के सरगना रोहित वर्मा को आईआईटी मेट्रो के पास से शुक्रवार को गिरफ्तार किया था। कल्याणपुर इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपित रोहित वर्मा को जेल भेज दिया गया है। एसओजी प्रभारी सुमित सुधाकर रामटेके ने बताया कि सीसामऊ चौकी इंचार्ज नितिन यादव के बारे में भी रोहित से जानकारी मिली है। जांच हुई तो सामने आया कि उन्हें सेक्स रैकेट संचालन की जानकारी थी।
सरगना रोहित का वीडियो हुआ था वायरल
सेक्स रैकेट संचालन के आरोपी रोहित का कार चलाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उसके साथ एक युवक और है। दोनों सिगरेट पीते नजर आ रहे हैं। कार के डैश बोर्ड में पुलिस की पी-कैप और ड्राइवर के बगल वाली सीट में वर्दी टंगी नजर आ रही है। वर्दी पर दो स्टार हैं। ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि वर्दी किसी एसआई की है। हालांकि आपका अपना अखबार ‘हिन्दुस्तान’ वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। कल्याणपुर इंस्पेक्टर ने बताया कि यह वीडियो छह साल पुराना है। रोहित पहले कार चलाता था। वह दरोगा को किराए की गाड़ी में लेकर गया था। दरोगा के किसी काम से गाड़ी से उतरने के बाद इन लोगों ने यह वीडियो बनाया था।




साइन इन