मंथली पैकेज पर लड़कियां बुलाई जाती; व्हाट्सएप पर होती डील, सेक्स रैकेट के अड्डे बने 18 होटल
पुलिस ने बताया कि बंगाल, बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों से लड़कियों को सेक्स रैकेट के लिए कानपुर बुलाया जाता था। इन लड़कियों को बंगाल का दादा नाम का आदमी भेजता था। लड़कियों का 4000 से लेकर 10000 रुपये तक रेट तय होता था। कुछ पैसा रोहित लेता था तो कुछ लड़कियों को देता था।

कानपुर के कल्याणपुर में हाई प्रोफाइल सेक्स रैकेट का खुलासा हुआ है। इस सेक्स रैकेट के तार शहर के 18 होटलों से जुड़े हैं। जहां जिस्मफरोशी के लिए लड़कियों को भेजा जाता था। पुलिस ने इन होटलों में भी छापेमारी की है। युवतियों को पश्चिम बंगाल, झारखंड से एक-एक माह के पैकेज पर बुलाया जाता था। कल्याणपुर के फ्लैट और बर्रा के मकान में रखा जाता था। सेक्स रैकेट के संचालक कथित पत्रकार रोहित वर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में एक एसआई का नाम भी सामने आया है। जल्द ही उस पर भी कार्रवाई हो सकती है। कई और पुलिसकर्मियों पर भी नजर है।
आरोपी के मोबाइल से मिले कई लड़कियों के फोटो, चैट
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल से गुरुवार को एक युवती ने शिकायत की थी। उसने बताया था कि वह पश्चिम बंगाल की रहने वाली है। कल्याणपुर निवासी कथित पत्रकार रोहित वर्मा सेक्स रैकेट चलाता है। रोहित ने उसके अश्लील वीडियो बना लिए हैं और अब ब्लैकमेल कर रहा है। पुलिस कमिश्नर ने इस मामले की जांच एसओजी प्रभारी सुमित रामटेके और शिवा सिंह को दी थी। एसओजी प्रभारी ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर बर्रा निवासी रोहित वर्मा को कल्याणपुर के फ्लैट से पकड़ा गया। वह युवतियों को इसी फ्लैट और बर्रा स्थित घर में रखता था। रोहित के मोबाइल से कई लड़कियों के फोटो, चैट और होटलों के नाम मिले हैं।
ब्लैकमेलिंग की शिकायत पर हुआ सेक्स रैकेट का खुलासा
सेक्स रैकेट का खुलासा प. बंगाल की एक युवती की शिकायत पर हुआ। दरअसल, युवती कथित पत्रकार रोहित वर्मा का रैकेट छोड़कर दूसरे रैकेट से जुड़ गई थी। उसका कहना है कि इससे नाराज रोहित उसे ब्लैकमेल कर रहा था। अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वापस उसके रैकेट से जुड़ने का दबाव बना रहा था। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने रोहित वर्मा को पकड़ा और बड़े सेक्स रैकेट का खुलासा किया। जांच में सामने आया शहर के दर्जनों होटलों में पहले ग्राहकों के लिए कमरा बुक कराते थे। फिर यहां घंटे के हिसाब से कॉलगर्ल्स को ग्राहकों के लिए मुहैया कराया जाता था। एसओजी ने रैकेट से जुड़े 18 होटलों को खंगाला हैं।
रोहित के मोबाइल में मिलीं लड़कियों के फोटो
एसओजी प्रभारी आईपीएस सुमित सुधाकर रामटेके ने बताया जांच में रोहित के मोबाइल में कई होटल के मैनेजरों से व्हाट्सऐप चैट मिले हैं। रोहित इन मैनेजरों व कर्मचारियों से ग्राहकों और कॉल गर्ल्स को भेजने की बात कर रहा है। साथ ही व्हाट्सऐप चैट के जरिए लड़कियों की फोटो भी भेजी जाती थी। कमरा भी रोहित ही बुक कराता था। व्हाट्सऐप पर डील होती थी।
सेक्स रैकेट के खुलासे के बाद कई होटल रडार पर
पुलिस रडार पर घंटाघर, रेलवे स्टेशन, बर्रा, कल्याणपुर और अन्य इलाकों के कई होटल हैं। घंटाघर के होटल में पिछले दिनों भी कुछ दोस्तों के साथ पार्टी करने के बाद एक युवक ने कूदकर जान दे दी थी। कुछ महीनों पहले पेपर देने आए नाबालिग-लड़का लड़की को भी बिना आधार वेरिफिकेशन के घंटाघर के होटल में कमरा दिया गया था। पुलिस ने कई होटलों में छापेमारी कर रजिस्टर और अन्य कागज चेक किए हैं।
4 हजार से 10 हजार तक रेट
पुलिस के मुताबिक पश्चिम बंगाल, बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों से लड़कियों को सेक्स रैकेट के लिए कानपुर बुलाया जाता था। इन लड़कियों को बंगाल का दादा नाम का आदमी भेजता था। लड़कियों का 4000 से लेकर 10000 रुपये तक रेट तय होता था। कुछ पैसा रोहित लेता था तो कुछ लड़कियों को देता था। लड़कियों को एक माह के लिए रोहित बुलाता था। उन्हें ठहराने के लिए रोहित ने कल्याणपुर में एक फ्लैट किराये पर ले रखा है जबकि बर्रा में अपने मकान में इन लड़कियों को रखता था
होटलों को खंगाल रही पुलिस
सेक्स रैकेट के खुलासे के बाद होटलों में भी जांच कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। एसओजी प्रभारी ने बताया कि बाहर से युवतियों और महिलाओं को बुलाकर होटलों में वेश्यावृत्ति कराई जा रही थी। रोहित के खिलाफ देह व्यापार अधिनियम समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। उस पर पहले भी पॉक्सो समेत चार मुकदमे दर्ज हैं। अनैतिक देह व्यापार अधिनियम के तहत पहला मुकदमा कल्याणपुर थाने में दर्ज किया गया है।




साइन इन