लखनऊ में सादे कपड़ों में आई पुलिस ने इनामी सिपाही को दबोचा, अपहरण की अफवाह से मचा हड़कंप
यूपी पुलिस के एक सिपाही को राजस्थान पुलिस ने रविवार सुबह लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया। सादे कपड़ों में आई टीम जब उसे कार में बैठाकर अपने साथ ले गई, तो परिजनों और स्थानीय लोगों ने इसे अपहरण समझ लिया। इससे प्रशासन में भी हड़कंप मच गया।

उत्तर प्रदेश पुलिस की विशेष सुरक्षा वाहिनी में तैनात सिपाही अखिलेश त्रिपाठी को राजस्थान पुलिस ने रविवार सुबह लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया। सादे कपड़ों में आई टीम जब उसे कार में बैठाकर अपने साथ ले गई, तो परिजनों और स्थानीय लोगों ने इसे अपहरण समझ लिया। सिपाही के अगवा होने की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई, लेकिन जांच पड़ताल में सामने आया कि सिपाही राजस्थान के साल 2002 के एक मामले में वांछित था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
गोमती नगर के ग्वारी गांव के रहने वाले अखिलेश त्रिपाठी की ड्यूटी अंबेडकर पार्क में लगी हुई थी। रविवार सुबह करीब 9 बजे वह अपने दो बेटों के साथ घर के पास टहलने निकले थे। इसी दौरान एक काली स्कॉर्पियो वहां आकर रुकी और उसमें सवार लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए उन्हें अपने साथ वाहन में बैठा लिया। पूरी घटना अचानक हुई, जिससे मौके पर मौजूद परिजन और स्थानीय लोग घबरा गए और अपहरण की आशंका जताई।
अपहरण के अफवाह से मचा हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही गोमती नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अन्य एजेंसियों से संपर्क कर जानकारी जुटाई। शुरुआती तौर पर मामला अपहरण का लग रहा था, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
2002 के मामले में वांछित था सिपाही
पुलिस की जांच पड़ताल के दौरान स्पष्ट हुआ कि अखिलेश त्रिपाठी साल 2002 में राजस्थान के एक पुराने मामले में वांछित था। इस मामले में उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। राजस्थान पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। लोकेशन मिलने के बाद राजस्थान पुलिस की टीम लखनऊ पहुंची और उसे गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई।
फतेहपुर में आपस में भिड़ गए सिपाही, दो घायल
उधर, फतेहरपुर जिले में तैनात सिपाही आपस में किसी बात को लेकर भिड़ गए। सिपाहियों में मारपीट हो गई। जिसमें दो सिपाही घायल हो गए। जिन्हें पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना पर सीओ थरियांव, एएसपी जिला अस्पताल पहुंचे। घायल सिपाहियों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
राधानगर थाना क्षेत्र जयराम नगर चौराहे के पास गुरुवार दोपहर थाने में तैनात सिपाही बातचीत के दौरान आपस में गाली-गलौज करने लगे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया। सिपाही एक-दूसरे को मारने पीटने लगे। मौजूद लोगों ने झगड़ा कर रहे सिपाहियों को अलग कराया। सिपाही सिविल ड्रेस में थे और ड्यूटी में नहीं थे। बताया जा रहा है कि नशेबाजी को लेकर आपस में विवाद हुआ है। सूचना पर राधानगर थाने से पुलिस मौके पर पहुंची। सिपाही अमिताभ सिंह और योगेश राय मारपीट हो गए थे। घायल सिपाहियों को मौके पर पहुंची पुलिस की गाड़ी से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।




साइन इन