मिडिल ईस्ट की जंग में फंसे जायरीन, उड़ानें रद्द होने से परेशान, वतन वापसी के लिए हो रही दुआएं
रमजान के दौरान बड़ी संख्या में लोग उमरा के लिए मक्का-मदीना जाते हैं। मेरठ से एक हजार से अधिक लोग उमरा करने गए हुए हैं। अब मिडिल ईस्ट में छिड़ी जंग के चलते कुछ लोग वहां फंस गए हैं। फ्लाइट कैंसल होने से न तो दिल्ली से मक्का-मदीना के लिए जायरीन जा पा रहे हैं।

Meerut News: रमजान के दौरान बड़ी संख्या में लोग उमरा के लिए मक्का-मदीना जाते हैं। इस समय मेरठ से एक हजार से अधिक लोग उमरा करने गए हुए हैं। अब मिडिल ईस्ट में छिड़ी जंग के चलते कुछ लोग वहां फंस गए हैं। फ्लाइट कैंसल होने से न तो दिल्ली से मक्का-मदीना के लिए जायरीन जा पा रहे हैं और न ही मक्का से लोगों की वापसी हो पा रही है।
हर साल जिले से करीब चार से पांच हजार लोग उमरा करने जाते हैं। युद्ध ने हालात बदल दिए हैं। जो लोग उमरा के लिए टिकट करा चुके थे, उन्होंने या तो टिकट कैंसल करा लिए या फिर कुछ ऐसे भी हैं जिनके टिकट अब एजेंसियां कन्फर्म नहीं कर रही हैं। फ़र्ज़ टूर एंड ट्रेवल्स संचालक कारी अफ्फान कासमी ने बताया फ्लाइटें रद्द हो चुकी हैं, सबसे ज्यादा दिक्कत वहां फंसे लोगों को हो रही है।
जैदी फार्म में महिलाओं ने निकाला कैंडल मार्च
जैदी फार्म स्थित शाह जलाल हॉल सेक्टर चार में कैंडल जलाकर आयतुल्लाह अली खेमेनेई समेत ईरान के शहीदों को खिराजे अकीदत पेश किया। इसमें शिया मुस्लिम महिलाओं, बच्चों, युवा और बुजुर्ग शामिल रहे। इससे पहले हुई मजलिस को मौलाना अमीर आलम ने खिताब किया। शाह जलाल हॉल में ख्वातिनों की मजलिस हुई। ख्वातिनों कैंडल जलाकर ईरान में मृतकों के प्रति दुख जताया। ऑल इंडिया अली मिशन सोसाइटी के संयोजक अली हैदर रिज़वी ने बताया कि होली के बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन महिलाओं द्वारा डीएम के माध्यम से भेजा जाएगा। इस दौरान हाजी शमशाद अली, हैदर अब्बासी, अख्तरी बेगम, परवीन बेगमपुल, गुड़िया जेहरा, फरहाना जैदी, तबस्सुम फातिमा मौजूद रहीं।
ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई को याद किया
ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई के इंतकाल को लेकर सोमवार को जैदी सोसायटी में कार्यक्रम हुआ। छात्रों को उनकी शिक्षा और चरित्र का संदेश दिया गया। इस दौरान महिलाओं, बच्चों और बड़ों की आंखे नम हो गई। तिलावत छात्र अली हादी ने की। एक विशेष सत्र आगा मोहम्मद सूरत वाला द्वारा लिया गया। छात्रों फातिमा, अली मेहदी, नौरस, अली ज़मा और अली जव्वाद ने सवाल पूछे। बशीर, मेहंदी, आलिफ, नेहा, सलमा, गुलमान, फरहा, कैप्टन सलमान जैदी रहे।
वहीं, काजी-ए-शहर मेरठ डॉ. जैनुस सालिकीन सिद्दीकी ने कहा कि ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत दु:खद है। अमेरिका और इजरायल जो बर्बादी कर रहे है, उसकी कड़े शब्दों में मजम्मत करते है। युद्ध किसी भी देश के लिए ठीक नहीं है। विश्व में शांति कायम रहे।
भारतीयों की सलामती, वतन वापसी को दुआ की
हापुड़ रोड स्थित मदरसा जामिया मदानिया में सोमवार को विश्व में शांति एवं विदेशों में इजरायल-अमेरिका एवं ईरान के बीच जंग जैसे हालातों के बीच कई देशों में फंसे भारतीयों की सलामती एवं सकुशल वतन वापसी के लिए दुआ हुई। कारी शफीकुर्रहमान कासमी एवं काजी हस्सान कासमी ने भी दुआ कराई। मेरठ के लोग दुबई, बहरीन, दोहा समेत कई स्थानों पर फ्लाइट कैंसिल होने के चलते फंसे हुए हैं। विभिन्न देशों में फंसे लोगों के परिजन यहां चिंतित है। उनसे संपर्क कटता है तो परिजन परेशान हो जाते हैं।




साइन इन