यूपी में फिर से पेट्रोल-डीजल की किल्लत? संजय सेतु पर डायवर्जन ने बढ़ाई चिंता, कई जिलों के पंप सूखे
संजय सेतु पर डायवर्जन से कई इलाकों में पेट्रोल और डीजल की किल्लत फिर शुरू हो गई है। लखनऊ से तेल पहुंचने में ज्यादा समय लगने से देवीपाटन मंडल के जिलो में लंबी कतारें लगने लगी हैं। पेट्रोल पंप सूख रहे और उन पर ताले पड़ते जा रहे ।

UP News: संजय सेतु पर डायवर्जन से अवध क्षेत्र के कई इलाकों में पेट्रोल और डीजल की किल्लत फिर शुरू हो गई है। लखनऊ से तेल पहुंचने में ज्यादा समय लगने से देवीपाटन मंडल के बलरामपुर, गोंडा, बहराइच और श्रावस्ती में जबकि अयोध्या मंडल के अयोध्या और अम्बेडकरनगर जिलों में लंबी कतारें लगने लगी हैं। पेट्रोल पंप सूख रहे और उन पर ताले पड़ते जा रहे ।
बलरामपुर में ईंधन संकट गहरा जाने से कई जगह पंपों पर लंबी कतारें लग गई हैं। डीजल के लिए लोग भटक रहे हैं। गोण्डा के कई पेट्रोल पंप गुरुवार को ड्राई हो गए। बताया जा रहा है कि घाघरा नदी पर पेट्रोलियम कंपनियों के डिपो से पंप तक ईंधन की आपूर्ति लंबित होने से यह समस्या हुई। डीएसओ ने बताया कि इंडियन ऑयल और हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के पंपों को लखनऊ से आने दोगुना वक्त लग रहा है। इसलिए यह परेशानी आई है। दोनों तेल कंपनियों को एनएचएआई का पत्र का हवाला देते हुए रूट डायवर्जन के लिए पत्र लिखा गया है।
अम्बेडकरनगर में गुरुवार को डीजल पेट्रोल की आपूर्ति के बाद भी 25 से अधिक फिलिंग स्टेशन ड्राई पड़े हुए हैं। बहराइच में डीजल न मिलने से जीवन रक्षक एंबुलेंस सेवाओं की रफ्तार पर भी ब्रेक लगा दिया है। कई क्षेत्रों में एंबुलेंस पेट्रोल पंपों पर खड़ी नजर आईं, क्योंकि उनके पास ईंधन नहीं था। वहीं कई एंबुलेंस रोड के किनारे खड़ी डीजल का इंतजार करती दिखीं। इसका सीधा असर मरीजों की समय पर इलाज पर पड़ गया है। गुरुवार को जिले के सभी इलाकों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लगीं।
श्रावस्ती में सोनवा थाना क्षेत्र के रतनापुर में संचालित पेट्रोल पंप पर गुरुवार को सुबह से लोगों की लंबी भीड़ लगी रही। बहराइच भिनगा फोरलेन पर करीब 500 मीटर पर वाहन लाइन में लगे रहे। बेड़सरी पेट्रोल पम्प पर दोपहर के बाद तेल समाप्त हो गया। वहीं चेतिया भट्ठा पर स्थित पेट्रोल पम्प पर भी गुरुवार को तेल नहीं था। बदला नानपारा मार्ग पर स्थित किसान सेवा केन्द्र पेट्रोल पंप बंद था।
अयोध्या में बीती रात से अचानक पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ जुटने लगी। चार पहिया वाहनों को डीजल और दो पहिया वाहनों में पेट्रोल भरवाने के लिए लोगों की कतारें पंपों पर लग रही है। गुरुवार को शहर के लगभग सभी पेट्रोल पंपों पर वाहनों की कतार दिखी। कई पेट्रोल पंपों पर ताले लटक रहे हैं। जहां पेट्रोल डीजल हैं भी तो वहां उसे खरीदने की सीमा तय कर दी गई है।




साइन इन