भीषण गर्मी और हीट वेव से बड़ी संख्या में लोग आ रहे डायरिया की चपेट में
Orai News - उरई। संवाददाता भीषण गर्मी में अब लोगों का स्वास्थ्य गड़बड़ा रहा है। हीट वेव

उरई। संवाददाता भीषण गर्मी में अब लोगों का स्वास्थ्य गड़बड़ा रहा है। हीट वेव की चपेट में आकर उल्टी दस्त डायरिया के मरीजों की जिला अस्पताल में कतार लग रही है। जबकि अस्पताल के वार्ड भी डायरिया मरीजों से फुल हैं। वहीं इमरजेंसी में भी रोजाना चार दर्जन मरीज लूज मोशन के गंभीर हालत में आ रहे हैं। इनमें कुछ को इलाज देकर तो कुछ गंभीर मरीजों को वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।कई दिनों से बढ़ रही भीषण गर्मी से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त होने लगा है। गर्मी का आलम यह है कि 10 बजे के बाद से ही सूरज से बरस रही आग लोगों को बुरी तरह झुलसा रही है।
दोपहर में तो हालात यह हो जाते हैं कि गर्मी के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। वही अब भीषण गर्मी के कारण लोगों का स्वास्थ्य भी गड़बड़ा रहा है। गर्मी और हीट वेव की चपेट में आकर लोग उल्टी दस्त और डायरिया के शिकार होकर अस्पतालों की ओर दौड़ लगा रहे हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 200 से अधिक उल्टी दस्त और डायरिया पीड़ित मरीज इलाज के लिए आ रहे हैं। जबकि इमरजेंसी में भी दो दर्जन मरीज गंभीर होकर डायरिया के आते हैं, इनमें ज्यादा गंभीर होने पर मरीजों को वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में आने वाले मरीजों में जूली 22 वर्ष, विमल दास 40 वर्ष, अभिषेक 27 वर्ष, राजेंद्र पाठक 74 वर्ष, नाजिया 60 वर्ष, शारदा देवी 59 वर्ष, प्रदीप 40 वर्ष, कुसुम 73 वर्ष, विमलेश 38 वर्ष, सागर 15 वर्ष समेत चार दर्जन मरीज डायरिया के मिले।चिकित्साधिकारी जिला अस्पताल डॉ आकाश प्रजापति का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ लोगों की सेहत भी खराब हो रही है। गर्मी के मौसम में बेहद एहतियात बरतें और दोपहर में 12 से 4 बजे तक घर पर ही रहकर तेज धूप से बचाव करें। शरीर में पानी की कमी न होने दें और इलेक्ट्रोलाइट्स की पूर्ति करें। दस्त होने पर शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी को पूरा करना ज़रूरी है। खूब पानी और इलेक्ट्रोलाइट युक्त पेय पदार्थ पिएं, जिसमें सूप और स्पोर्ट्स ड्रिंक के साथ ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन भी पी सकते हैं, इसमें ग्लूकोज और इलेक्ट्रोलाइट्स होते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन