यूपी में भीषण हादसा: ट्रक से टकराई अयोध्या से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार, आठ लोगों की मौत
Orai News - सोमवार को अयोध्या से दर्शन करके लौट रहे श्रद्धालुओं की कार ट्रक से टकरा गई, जिससे आठ लोगों की मौत हो गई जबकि दो श्रद्धालु घायल हुए हैं। मरने वाले सभी श्रद्धालु ललितपुर के बताए जा रहे हैं।

Accident In Orai: अंबेडकरनगर के बाद जालौन में भीषण हादसा हो गया। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई है। छह लोगों ने मौके पर दम तोड़ दिया था, घायल दो लोगों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मरने वाले सभी लोग अयोध्या दर्शन करने के लिए कार से गए थे। सभी श्रद्धालु ललितपुर के महरौनी के रहने वाले बताए जा रहे है। वापसी में जोल्हुपुर मोड़ के पास नेशनल हाईवे पर टवेरा कार और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात भी प्रभावित रहा। हादसे की वजह कार के ड्राइवर को झपकी आना बताया जा रहा है। हादसे की खबर पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। आनन-फानन में घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के लिए शवों को भी कब्जे में ले लिया गया है।
हादसे के बाद कार के अंदर ही फंसे गए श्रद्धालु
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही कालपी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी, सीओ अवधेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस व एम्बुलेंस टीम ने क्रेन की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों व मृतकों को बाहर निकाला और मेडिकल कॉलेज उरई भिजवाया। बताया जा रहा है कि कार छत्तीसगढ़ नंबर की थी और पीछे से ट्रक में जा घुसी। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने संभाला।
चालक को झपकी आने पर हुआ हादसा
जांच पड़ताल में पृथम दृष्टया हादसे की वजह कार ड्राइवर को झपकी आना बताया जा रहा है। जिससे कार आगे चल रहे वाहन से टकरा गई, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है और फिलहाल जिन नामों की पुष्टि हो सकी है, उनमें शशिकांत तिवारी, कृष्णकांत, दीपक तिवारी, हरिमोहन तिवारी, भूषण तिवारी, अंशुल तिवारी, स्वामी प्रसाद तिवारी, मनोज और देशराज शामिल बताए जा रहे हैं जो ललितपुर जिले की महरौनी तहसील के मोहल्ला हरदौल के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
श्रद्धालुओं के लिए काल बन गई सोमवार की सुबह
सोमवार सुबह अयोध्या से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के लिए काल बन गई। घटना की जानकारी जब मरने वालों के परिवार वालों के पास पहुंची तो कोहराम मच गया। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना उस वक्त हुई जब कानपुर की ओर से आ रही एसयूवी ने नियंत्रण खो दिया और सड़क के किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में 10 में से आठ लोगों की मौत हो चुकी है जबकि दो लोग अभी भी जिंदगी और मौत के बीच अस्पताल में जूझ रहे हैं। पुलिस ने कहा कि पीड़ितों की पहचान की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन