op rajbhar slams akhilesh yadav tweet ac pc leader politics 2027 london ट्वीट, एसी और पीसी के नेता हैं अखिलेश; राजभर बोले- 2027 भी हारेंगे, फिर लंदन जाएंगे सपा अध्यक्ष, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

ट्वीट, एसी और पीसी के नेता हैं अखिलेश; राजभर बोले- 2027 भी हारेंगे, फिर लंदन जाएंगे सपा अध्यक्ष

सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्हें ट्वीट और एसी रूम का नेता बताया है। राजभर ने दावा किया कि अखिलेश जिसे समर्थन देते हैं वह चुनाव हार जाता है। कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में हार के बाद अखिलेश यादव की राजनीति समाप्त हो जाएगी और वे लंदन चले जाएंगे।

Tue, 5 May 2026 12:46 PMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
ट्वीट, एसी और पीसी के नेता हैं अखिलेश; राजभर बोले- 2027 भी हारेंगे, फिर लंदन जाएंगे सपा अध्यक्ष

उत्तर प्रदेश की सियासत में अपने बेबाक बयानों के लिए मशहूर कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को निशाने पर लिया है। राजभर ने सोशल मीडिया पर प्लेटफार्म एक्स के जरिए अखिलेश यादव की कार्यशैली पर सवाल उठाए। कहा कि वह ट्वीट, एसी, पीसी वाले नेता हैं। दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद अखिलेश यादव भारतीय राजनीति से सन्यास लेकर लंदन चले जाएंगे। ओपी राजभर पिछले कुछ दिनों से लगातार अखिलेश यादव पर हमलावर हैं। एक मई से तो लगातार एक्स के जरिए अखिलेश पर हमले कर रहे हैं। रोजाना अखिलेश यादव को संबोधित एक पोस्ट जरूर कर रहे हैं।

"अखिलेश का समर्थन मतलब हार की गारंटी"

ओम प्रकाश राजभर ने कटाक्ष करते हुए कहा कि अखिलेश यादव जिसे भी समर्थन देते हैं, उसकी हार निश्चित हो जाती है। उन्होंने हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों का हवाला देते हुए कहा, "जिस दिन अखिलेश यादव ने ममता दीदी की जीत की मुनादी शुरू की थी, उसी दिन तय हो गया था कि वे हारने जा रही हैं।" राजभर ने आगे गिनाया कि महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे, दिल्ली में अरविंद केजरीवाल और बिहार में तेजस्वी यादव को अखिलेश का साथ मिला और वे सभी चुनाव हार गए। यहां तक कि राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनवाने की उनकी कोशिश भी विफल रही।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ओपी राजभर के गनर ने युवती का किया रेप, चार साल तक की दरिंदगी, भेजा गया जेल

"एसी से बाहर नहीं निकलते सपा अध्यक्ष"

अखिलेश यादव की व्यक्तिगत कार्यशैली पर हमला बोलते हुए राजभर ने उन्हें 'ट्वीट, एसी (Air Conditioner) और पीसी (Press Conference)' का नेता बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा अध्यक्ष दोपहर तक सोते हैं और केवल सोशल मीडिया के जरिए राजनीति करते हैं। राजभर के मुताबिक, "अखिलेश के पास सजातीय वोटों के अलावा कोई दूसरी ताकत या गुण नहीं है। वे जनता के बीच जाने के बजाय वातानुकूलित कमरों में बैठकर रणनीति बनाना पसंद करते हैं।"

मुलायम और शिवपाल की विरासत पर सवाल

राजभर ने अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री काल को भी उनके पिता मुलायम सिंह यादव और चाचा शिवपाल यादव की मेहनत का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि 2012 का चुनाव अखिलेश ने नहीं, बल्कि नेताजी और शिवपाल जी ने जीता था। राजभर ने भविष्यवाणी की कि अखिलेश खुद 2014, 2017, 2019 और 2022 के चुनाव हार चुके हैं और यही सिलसिला 2027 में भी जारी रहेगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गरीबों की पीठ पर यादवों की लाठी के निशान, अखिलेश पर ओपी राजभर का तीखा पलटवार
ये भी पढ़ें:भाजपा कार्यकर्ताओं को गाली, जूते मारने की धमकी, मंत्री राजभर पर कोर्ट का शिकंजा

2027 के बाद राजनीति का अंत?

राजभर ने दावा किया कि 2027 के चुनाव परिणाम समाजवादी पार्टी के लिए अंतिम कील साबित होंगे। राजभर ने कहा, “गांठ बांध लीजिए, 2027 के बाद अखिलेश जी की राजनीति खत्म हो जाएगी और वह हमेशा के लिए लंदन चले जाएंगे।”

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।