पीडीए आ रहा है! ओपी राजभर के मुंह से निकली अखिलेश वाली बात, VIDEO देख सपा प्रमुख गदगद
गाजीपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सुभासपा अध्यक्ष ओपी राजभर की एनडीए की जगह कह दिया कि पीडीए आ रहा है। बाद में खुद को सुधारा लेकिन तब तक वीडियो वायरल हो चुका था। अखिलेश यादव भी इस वीडियो को देखकर गदगद हैं।

गाजीपुर/लखनऊ। अपनी बेबाक बयानबाजी के लिए मशहूर कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर लगातार समाजवादी पार्टी और अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमलावर हैं। उनके हमलों पर अखिलेश यादव ने तो जवाब देना भी बंद कर दिया है। साफ कर दिया कि ओपी राजभर का जवाब सपा की महिला सभा की अध्यक्ष सीमा राजभर देंगी। लेकिन इसी बीच राजभर के मुंह से ऐसी बात निकल गई जिससे सपा प्रमुख अखिलेश यादव गदगद हो गए। ओपी राजभर का वीडियो शेयर करते हुए यहां तक कह दिया कि सच तो अपने आप निकलता है।
दरअसल गाजीपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राजभर ने यूपी में 'एनडीए' (NDA) की जगह अखिलेश यादव के सबसे बड़े अभियान पीडीए की सरकार बनने का दावा कर दिया गया। मीडिया से मुखातिब ओम प्रकाश राजभर अपनी सरकार और गठबंधन की उपलब्धियां गिना रहे थे। जोश-जोश में उन्होंने कह दिया, "पीडीए आ रहा है..."। जैसे ही राजभर के मुंह से अखिलेश यादव वाला नारा 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) निकला, प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद लोग और पत्रकार सन्न रह गए।
राजभर के ठीक बगल में सुभासपा विधायक बेदी राम बैठे थे। जैसे ही उन्होंने यह सुना, उन्होंने तुरंत अपनी कोहनी से राजभर को धक्का मारा और गलती का अहसास कराया। कोहनी लगते ही राजभर संभले और तुरंत अपनी बात सुधारते हुए कहा, एनडीए कहा। हालांकि, तब तक कैमरे में यह 'सच' रिकॉर्ड हो चुका था और देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया।
अखिलेश यादव ने ली चुटकी
इसी वीडियो को समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने अपने 'एक्स' (X) हैंडल पर साझा किया। अखिलेश ने राजभर के बहाने सत्ता पक्ष पर निशाना साधते हुए लिखा कि सच अपने आप निकलता है और झूठ सोचकर बोला जाता है। आपने सच कहा, सही कहा ‘पीडीए’ आ रहा है। कोहनी मारकर मुंह से निकले सच को बदलने की कोशिश न की जाए। राजभर के मुंह से निकले पीडीए को सुनकर खुश हुए अखिलेश ने यहां तक कहा कि सच तो ये है कि मन से तो ये भी पीडीए ही हैं, बस अपने लालच के मारे हैं।
सियासी गलियारों में चर्चा
अखिलेश यादव के इस तंज ने राजभर को बैकफुट पर ला दिया है। सपा समर्थकों का कहना है कि राजभर लंबे समय तक अखिलेश के साथ रहे हैं, इसलिए उनके अवचेतन मन में अब भी पीडीए ही बसा है। वहीं, राजभर के समर्थकों का तर्क है कि यह केवल एक 'स्लिप ऑफ टंग' (जुबान फिसलना) है और इसे मुद्दा बनाना बचकानी हरकत है।
बहरहाल, 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच इस छोटे से वीडियो ने यूपी की राजनीति में गर्मी बढ़ा दी है। कोहनी मारने वाले वीडियो ने यह साबित कर दिया है कि राजनीति में एक शब्द की चूक भी विरोधियों के लिए 'हथियार' बन सकती है।




साइन इन