स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर ओमप्रकाश राजभर ने साधा निशाना, शिष्यों पर भी लगाया आरोप
ओमप्रकाश राजभर ने कहा की स्वामी जी संत हैं। यदि उन्हें स्नान करना था, तो स्वयं जाकर स्नान करना चाहिए था। उन्होंने सपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पीडीए का मतलब ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ बन गया है।

ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने निशाना साधा है। राजभर ने मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा कि विपक्ष वीआईपी कल्चर खत्म करने की बात करता है लेकिन वीआईपी स्नान के लिए अनशन किया जा रहा है। राजभर ने यह भी आरोप लगाया कि शंकराचार्य के शिष्यों ने पुलिस से बदतमीजी की।
न्यूज 18 की एक रिपोर्ट के अनुसार ओमप्रकाश राजभर ने कहा की स्वामी जी संत हैं। यदि उन्हें स्नान करना था, तो स्वयं जाकर स्नान करना चाहिए था। ओमप्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पीडीए का मतलब ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ बन गया है। एसआईआर में वोटरों के नाम पर काटे जाने के आरोपों पर तंज कसते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि 85 लाख मृतकों को जिंदा करने की क्षमता सिर्फ अखिलेश यादव में ही है।
गुंडे माफिया और दंगाइयों को बढ़ावा देता था विपक्ष
पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर शनिवार को अयोध्या पहुंचे थे। वहीं मीडिया से बातचीत में उन्होंने उपरोक्त बातें कहीं। इसके पहले कर्पूरी ठाकुर की जयंती के उपलक्ष्य में कशेरुवा चौराहे पर आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुये उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में भयमुक्त कानून का राज है। गुंडे माफिया और दंगाई जेल के सलाखों के पीछे है। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा व कांग्रेस की सरकारो में उन्हें बढ़ावा मिलता था। उन्होंने कहा कि रोहिणी आयोग की रिपोर्ट को लागू कर पिछड़ी जातियों को जातिगत आरक्षण का लाभ दिलाया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे मंत्री राजभर ने कहा कि विपक्षी सरकारें पिछड़ी जातियों के वोट लेकर उन्हें केवल कलम ढक्कन की तरह इस्तेमाल करती आ रही है। और बाबा अंबेडकर द्वारा दिये गए कीमती वोट हथिया रही है। पिछडो को सावधन होने की जरूरत है।
मंत्री के कार्यक्रम में सफाईकर्मी हुआ बेहोश
ओमप्रकाश राजभर के कार्यक्रम स्थल पर कार्यो में लगे सफाई कर्मचारी कमलेश यादव की अचानक तबियत बिगड़ गई। वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। उसे तत्काल कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोग इलाज के लिये सीएचसी तारुन ले गये। सूचना मिलने पर पार्टी के जिलाध्यक्ष शिवजी वर्मा अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंच गए। ब्लॉक अध्यक्ष ने बताया कि चिकित्सक डा. सुमित कुमार व फार्मशिष्ट सीपी वर्मा ने कर्मचारी का इलाज किया। वह अम्बेडकर नगर के निवासी है। अब हालत ठीक है। परिजन उन्हें इलाज के लिये उनके घर लेकर चले गए।




साइन इन