यूपी की फरार महिला BSA और क्लर्क का कोई सुराग नहीं, NBW के बाद अब कुर्की की तैयारी
कुशीनगर के 37 वर्षीय कृष्ण मोहन सिंह देवरिया के गौरीबाजार स्थित कृषक लघु माध्यमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक थे। हाईकोर्ट के 13 फरवरी 2025 के आदेश के बावजूद वेतन बहाली न होने और लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर उन्होंने 21 फरवरी की सुबह गुलरिहा स्थित अपने आवास पर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली थी।

UP Teacher Suicide Case : उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में तैनात शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह की आत्महत्या के प्रकरण में फरार चल रही देवरिया की निलंबित बीएसए शालिनी श्रीवास्तव और लिपिक संजीव सिंह की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने पहले दोनों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था, जिसे बढ़ाकर 25-25 हजार रुपये कर दिया गया। इसके साथ ही न्यायालय ने दोनों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी कर दिया है। इसके बावजूद गिरफ्तारी न होने पर अब पुलिस ने सख्ती बढ़ाते हुए आरोपितों की संपत्ति कुर्क कराने की तैयारी शुरू कर दी है। चार पुलिस टीमें देवरिया, बलिया, लखनऊ और प्रयागराज में लगातार दबिश दे रही हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया है।
कुशीनगर जिले के हरैया बुजुर्ग निवासी 37 वर्षीय कृष्ण मोहन सिंह देवरिया के गौरीबाजार स्थित कृषक लघु माध्यमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक थे। हाईकोर्ट के 13 फरवरी 2025 के आदेश के बावजूद वेतन बहाली न होने और लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर उन्होंने 21 फरवरी की सुबह गुलरिहा स्थित अपने आवास पर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली थी।
मृत्यु से पहले उन्होंने चार पेज का सुसाइड नोट और एक वीडियो छोड़ा था, जिसमें बीएसए शालिनी श्रीवास्तव, लिपिक संजीव सिंह और सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक अनिरुद्ध सिंह पर नियुक्ति बहाली के नाम पर 16 लाख रुपये की मांग और उत्पीड़न के आरोप लगाए गए थे।
मुकदमा दर्ज, एक आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में मृतक की पत्नी गुड़िया सिंह की तहरीर पर गुलरिहा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। शासन ने बीएसए और लिपिक को निलंबित कर दिया था, लेकिन तब से दोनों फरार हैं। वहीं, इस मामले में सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही उन्हें पकड़ने की उम्मीद है।




साइन इन